वेदवन पार्क में फिर डंप हो रहा कूड़ा, निवासियों ने उठाया मुद्दा

प्राधिकरण से की निवासियों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग

वेदवन पार्क में फिर डंप हो रहा कूड़ा, निवासियों ने उठाया मुद्दा

नोएडा के सेक्टर 78 स्थित वेदवन पार्क एक बार फिर सुर्खियों का केंद्र बन रहा है। वेदवन पार्क और उसके आसपास की ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों के पास सालों से खुले में कूड़ा डंप किए जाने का मामला एक बार फिर चर्चा का केंद्र बनता जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग को एक पत्र भेजकर स्थायी समाधान की मांग की है। वहीं, जन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कूड़ा हटाने के बदले उसे केवल समतल कर दिया। जिससे यह समस्या और ज्यादा गंभीर बनती जा रही है।


निवासियों से मिली जानकारी के मुताबिक, बरसात के मौसम में खुले में पड़े कूड़े से दुर्गंध, गंदगी और संक्रमण फैलने का खतरा मंडराता रहता है। इसका सीधा असर आसपास रहने वाले लोगों और वेदवन पार्क में आने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। पिछले चार से पांच सालों के भीतर पार्क और घनी आबादी के बीच कूड़ा डंप किया जा रहा है। लेकिन, कई बार शिकायतों के बाद भी व्यवस्था में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने की निवासियों की मांग
निवासियों की मांग है कि मौजूदा कूड़े का वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से निस्तारण किया जाए। जिससे वेदवन पार्क और सेक्टर 78 की आवासीय सोसायटियों के पास खुले में कूड़ा डालने की व्यवस्था जल्द से जल्द बंद की जा सके। इस समस्या के स्थायी समाधान की एक योजना तैयार की जाए। सार्वजनिक पार्क और रिहायशी क्षेत्रों के पास कूड़ा डंप किया जा रहा है। जिससे यह पर्यावरण के लिए काफी ज्यादा नुकसान है। बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है।