जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष में नहीं होगा बदलाव
कांग्रेस विधान सभा चुनावों को लेकर नहीं करना चाहती ज्यादा फेरबदल
विनय जोशी
उत्तर प्रदेश के 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों को लेकर कांग्रेस हाईकमान संगठन में ज्यादा बदलाव करने पर विचार नहीं कर रहा है। कांग्रेस सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के मौजूदा जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष को विधान सभा चुनावों के चलते जिम्मेदारी दोबारा सौंपे जाने पर चर्चा चल रही है। हालांकि, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेस संगठन में कुछ बदलाव अवश्य देखने को प्राप्त हो सकते हैं।

महानगर कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी मौजूदा समय में मुकेश यादव संभाल रहे हैं। जबकि, गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दीपक भाटी चोटीवाला संभाल रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस हाईकमान एक बार फिर इन दोनों को जिम्मेदारी दोबारा सौंप सकता है। कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को आगामी विधान सभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस हाईकमान उत्तर प्रदेश की सभी विधान सभा सीटों पर अपने संगठन को काफी मजबूत करने में जुटा हुआ है। जिससे 2027 के विधान सभा चुनावों में कांग्रेस की एक बार फिर उत्तर प्रदेश में सरकार बन सके।

जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पर टिकीं निगाह
गौतमबुद्ध नगर में मौजूदा जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी बरकरार रहने की चर्चा के बीच स्थानीय नेताओं की उत्सुकता भी काफी ज्यादा बढ़ गई है। स्थानीय नेताओं की निगाहें अब कांग्रेस हाईकमान की औपचारिक घोषणा पर टिकी हुई है। कांग्रेस हाईकमान द्वारा सूची जारी करने के बाद ही इस बात की पूरी तरह स्पष्टता हो सकेगी कि गौतमबुद्ध नगर में मौजूदा नेतृत्व को ही आगे बढ़ाया जा सकेगा या फिर संगठन में कोई बड़ा बदलाव किया जाएगा।
दीपावली के बाद होगी प्रदेश कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई प्रदेश कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा के लिए अभी गौतमबुद्ध नगर समेत पूरे प्रदेश के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को कुछ इंतजार अवश्य करना पड़ेगा। प्रदेश कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा दीपावली के बाद किसी भी समय हो सकती है।