परिवहन विभाग ने नो पीयूसी नो फ्यूल को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

यह जागरूकता अभियान एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय के नेतृत्व में आयोजित किया गया

परिवहन विभाग ने नो पीयूसी नो फ्यूल को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में परिवहन विभाग की प्रवर्तन दल की टीमों ने विभिन्न पेट्रोल पंपों पर सघन चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया। यह जागरूकता अभियान एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस जागरूकता अभियान के दौरान परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल की टीमों ने वायु प्रदूषण की रोकथाम और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा लागू किए गए ग्रैप-3 के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से चलाया गया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की प्रवर्तन दल टीमों ने पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों को नो पीयूसी और नो फ्यूल नीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं, पंप संचालकों को निर्देश दिया गया कि वह किसी भी ऐसे वाहन को ईंधन उपलब्ध नहीं कराएं, जिसके पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र नहीं है।

एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की सघन जांच कर उसके खिलाफ चालान और जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। बिना ढके रेत, मिट्टी, ईंट और अन्य निर्माण सामग्री ले जाने वाले मालवाहक वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नियम तोड़ने वालों को सीज और चालान किया जा रहा है। निर्धारित क्षमता से ज्यादा भार ढोने वाले व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ लगातार प्रवर्तन अभियान चलाकर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। पर्यावरण संरक्षण में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी निवासी अपना सहयोग अवश्य दें। किसी भी असुविधा और भारी जुर्माने से बचने के लिए अपने वाहनों का समय पर प्रदूषण जांच कराकर वैध पीयूसी प्रमाण पत्र प्राप्त करें।