परिवहन विभाग ने की बस और टैक्सी एसोसिएशन के साथ बैठक
दीपावली और छठ पूजा को लेकर परिवहन विभाग ने जारी की एडवाइजरी, निर्धारित किराए से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 32 स्थित उपसहायक संभागीय परिवहन विभाग के कार्यालय पर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बस और टैक्सी एसोसिएशन के साथ एक बैठक की। यह बैठक एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आगामी त्योहारों को लेकर यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग की तरफ से एक एडवाइजरी जारी की गई।

एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि सभी चालक और परिचालक यात्रा के दौरान यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार करना होगा। किसी भी प्रकार की अभद्रता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों की आड़ में किसी भी रूट पर निर्धारित किराए से ज्यादा वसूली नहीं की जाएगी। अतिरिक्त किराया वसूलने की शिकायतों की जांच के लिए विभागीय प्रवर्तन दल द्वारा निगरानी की जाएगी। दोषी पाए जाने पर परमिट निरस्तीकरण और वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। सभी बस, टैक्सी, ऑटो और टेंपों संचालकों को वाहनों की निर्धारित बैठने की क्षमता के तहत ही सवारियां बैठानी होगी। क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाने पर चालान किया जाएगा। किसी भी यात्री को बस के पायदान, छत और वाहन के पीछे लटककर यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले यात्रियों को आईएसआई मार्क हेलमेट के अलावा कार और टैक्सी में चालक समेत आगे और पीछे बैठने वाले सभी यात्रियों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य होगा।