भाजपा में दावेदारों की लगातार बढ़ रही फौज, हाईकमान पर टिकी निगाहें

पंकज सिंह के सामने खड़े कई नए दावेदार

भाजपा में दावेदारों की लगातार बढ़ रही फौज, हाईकमान पर टिकी निगाहें

तेजस न्यूज संवाददाता

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। विशेष तौर पर नोएडा विधान सभा सीट पर टिकट के दावेदारों की फौज रोजाना बढ़ती जा रही है। इन दावेदारों की लगातार बढ़ती फौज के बीच अब भाजपा कार्यकर्ताओं समेत स्थानीय लोगों की निगाहें अब हाईकमान पर टिक गई हैं। भाजपा के लिए नोएडा विधान सभा सीट एक मजबूत गढ़ मानमा जाता है। जिसके चलते नोएडा विधान सभा सीट पर चुनाव लड़ने वाले दावेदारों की संख्या में रोजाना इजाफा हो रहा है। नोएडा विधान सभा सीट पर मौजूदा विधायक पंकज सिंह ने पिछले विधान सभा चुनावों में रिकॉर्ड मतों से जीत प्राप्त की थी। नोएडा विधान सभा सीट पर पंकज सिंह की पकड़ भी काफी अच्छी मानी जाती है। ऐसे में 2027 के विधान सभा चुनावों में भाजपा के लिए उनका टिकट काटकर किसी नए चेहरे को मौका देना काफी आसान नहीं होगा।

नोएडा विधान सभा सीट पर वैश्य समाज पिछले कुछ दिनों से लगातार दावेदारी की चर्चा कर रहा है। वैश्य समाज से जुड़े अधिकांश नेताओं का मानना है कि नोएडा में वैश्य समाज की एक बड़ी आबादी है। वैश्य समाज आर्थिक और सामाजिक प्रभाव को देखते हुए पार्टी को अब वैश्य समाज के किसी व्यक्ति को टिकट देना चाहिए। वैश्य समाज से जुड़े कई नेताओं का नाम भी खुलकर सामने आ रहा है। इसमें भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन और सत्यनारायण गोयल का नाम भी शामिल हैं।

शालिनी सिंह की भी लगातार बढ़ रही सक्रियता

नोएडा विधान सभा सीट पर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण की बेटी शालिनी सिंह भी काफी ज्यादा सक्रिय नजर आ रही है। शालिनी सिंह की सक्रियता को देखते हुए इस बात की चर्चा काफी ज्यादा चल रही है कि 2027 के विधान सभा चुनावों में वह भाजपा से टिकट की दावेदारी कर सकती हैं। हालांकि, अब तक उनकी तरफ से कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।