बुलडोजर अब बनेगा उत्तर प्रदेश का नया ब्रांडःसीएम योगी

जेवर में सीएनएच ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का हुआ भूमि पूजन, 1200 करोड़ रुपये की लागत में तैयार हो रहा ट्रैक्टर प्लांट

बुलडोजर अब बनेगा उत्तर प्रदेश का नया ब्रांडःसीएम योगी

तेजस न्यूज संवाददाता

उत्तर प्रदेश अब निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने बीते सालों में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के सामने कानून व्यवस्था, पिछड़ेपन और अव्यवस्था जैसी चुनौतियां सबके सामने थी। लेकिन, आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो चुका है। देश और विदेश की कंपनियां निवेश के लिए लगातार आगे आ रही हैं। उत्तर प्रदेश अब देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। यह बातें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएनएच इंडस्ट्रियल कंपनी के नए ट्रैक्टर मैन्चुफैक्चरिंग प्लांट के उद्घाटन के दौरान वीडियो क्रॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कहीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी गोलियां चलती थीं और जो अपराध के लिए बदनाम था। वहीं, आज भारत के गहने के रूप में लगातार निवेश का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यमुना प्राधिकरण के विकास से यह पूरा क्षेत्र औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है। यहां एचसीएल द्वारा सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर समेत कई परियोजनाएं आ रही हैं।

बुलडोजर को मिलेगी अब अंतरराष्ट्रीय पहचान

उत्तर प्रदेश में बुलडोजर अब केवल एक मशीन के तौर पर नहीं रह जाएगा। बल्कि, बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश के लिए राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक अलग पहचान बनाएगा। अभी तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बुलडोजर का प्रयोग किया जा रहा था। राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों के बीच बुलडोजर को एक नई पहचान प्राप्त हो चुकी थी। उत्तर प्रदेश समेत देश के अधिकांश राज्यों में इसे बाबा का बुलडोजर कहा जाने लगा था। योगी सरकार ने इसे कानून व्यवस्था से जोड़कर अपनी सख्त कार्रवाई के रूप में पेश किया है।

बुलडजोर को औद्योगिक ब्रांड के रूप में स्थापित करने में जुटे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब बुलडोजर को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक ब्रांड के रूप में भी स्थापित करना चाहते हैं। अगर कंपनियां उत्तर प्रदेश में बुलडोजर और ट्रैक्टर बनाएंगी तो देश ही नहीं विदेशों तक इनकी मांग बढ़ जाएगी।

1200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत में स्थापित होगा 100 एकड़ प्लांट

ग्रेटर नोएडा में सीएनएच कंपनी के नए प्लांट की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आधारशिला रखी। 100 एकड़ में बन रहे इस प्लांट में 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत आने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का 100 एकड़ में बनने वाला प्लांट कृषि में मशीनों के प्रयोग और आधुनिक निर्माण को बढ़ावा देगा। इस पर 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश होगा। इस निवेश के माध्यम से सैकड़ों की संख्या में लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। भारत में ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की भागीदारी 18.5 प्रतिशत है। कंपनी प्रबंधन को सरकार की तरफ से हर संभव मदद की जाएगी।