बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की पहुंच पर रहे ज्यादा से ज्यादा जोरःतरसपाल मलिक

महिपाल सिंह बने राष्ट्रीय लोकदल के महानगर अध्यक्ष

बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की पहुंच पर रहे ज्यादा से ज्यादा जोरःतरसपाल मलिक

तेजस न्यूज संवाददाता

पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा दिखाई दे रही हैं। पार्टी के कार्यकर्ताओं की सक्रियता यह दर्शाती है कि राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक समर्थन मिल रहा है। चौधरी चरण सिंह ने किसानों, मजदूरों, ग्रामीण समाज और आम आदमी के हितों को राजनीति के केंद्र में स्थापित किया। राष्ट्रीय लोक दल उसी विचारधारा और मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। यह बातें नोएडा के सेक्टर 29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में हुई प्रेस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक द्वारा कही गई।

राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती और व्यापक विस्तार देने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं के बीच लगातार संवाद, उनकी समस्याओं को समझना और उनके सुझावों को संगठनात्मक फैसलों में उचित महत्व देना बेहद आवश्यक है। संगठन को सिर्फ जिला, विधान सभा और मंडल स्तर तक सीमित नहीं रखा जाएगा। बल्कि, उसकी वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं से बनती है।

महिपाल सिंह बने नोएडा महानगर अध्यक्ष

नोएडा मीडिया क्लब में हुई राष्ट्रीय लोकदल की प्रेस वार्ता के बाद पार्टी ने ठाकुर महिपाल सिंह को नोएडा महानगर का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति की घोषणा राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने की। लंबे समय से महानगर में अपेक्षाकृत सुस्त पड़ी संगठनात्मक गतिविधियों के बीच इस बदलाव को पार्टी के विस्तार की नई कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

विजेंद्र यादव संभाल रहे थे महानगर अध्यक्ष का पद

नोएडा महानगर में पिछले एक दशक से राष्ट्रीय लोकदल का संगठन काफी ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आ रहा था। अभी तक विजेंद्र यादव महानगर अध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उम्मीद है कि ठाकुर महिपाल सिंह के नेतृत्व में संगठन की गतिविधियां काफी तेज होंगी और ज्यादा से ज्यादा लोग राष्ट्रीय लोकदल से भी जुड़ेंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष जनार्दन भाटी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनवीर भाटी, पूर्व महानगर अध्यक्ष विजेंद्र यादव, ठाकुर एनपी सिंह, राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता अजीत सिंह दौला, इंद्रवीर भाटी, अनीता चौधरी और सत्यवीर सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।