मंगलवार से नोएडा को मिल सकता है गंगाजल
हरिद्वार से गंगनहर में छोड़ा गया पानी गाजियाबाद पहुंचा, 20 दिन तक बाधित रही पानी की सप्लाई
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के लोगों को मंगलवार से एक बार गंगाजल की सप्लाई मिलने की संभावना है। गंगनहर की वार्षिक सफाई और मरम्मत के कारण गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार स्थिति दोनों जल शोधन संयंत्रों से आपूर्ति को रोक दिया गया था। आपूर्ति रोके जाने के चलते नोएडा के लगभग 14 लाख से ज्यादा लोग पिछले करीब 20 दिनों से प्रभावित हो रहे थे। नोएडा प्राधिकरण की तरफ से इस दौरान नलकूपों और रैनीवेल के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा था।

सिद्धार्थ विहार से बने 240 एमएलडी और 120 एमएलडी क्षमता के दोनों गंगाजल शोधन संयंत्रों से पानी की सप्लाई लगभग 20 दिनों तक बाधित रही। इन संयंत्रों में गंगनहर के पानी को शुद्ध करके विभिन्न क्षेत्रों में वितरित किया जा रहा था। इनसे मिलने वाली कुल आपूर्ति का लगभग 75 प्रतिशत हिस्सा नोएडा के निवासियों को प्राप्त होता है। गंगाजल की सप्लाई रुकने के चलते सबसे ज्यादा दिक्कत पुराने सेक्टरों और सेवन एक्स सोसायटी में रहने वाले निवासियों को हो रही थी। इन स्थानों पर प्रेशर कम होने के चलते सेक्टरों और सोसायटियों में जलापूर्ति में काफी ज्यादा कठिनाई आ रही थी।
7 नवंबर को हरिद्वार से छोड़ा गया था पानी
नोएडा प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर की आधी रात के बाद हरिद्वार से गंगनहर में पानी छोड़ा गया था। पानी दोनों प्लांटों तक पहुंच चुका है। शोधन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार से गंगाजल की आपूर्ति दोबारा शुरू होने की संभावना है। इससे नोएडा के सभी सेक्टरों और हाईराइज सोसायटियों में पानी की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।