गौतमबुद्ध नगर में बीएस-3 और बीएस-4 वाहनों पर लगा प्रतिबंध
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 1.51 लाख वाहनों पर संकट के बादल, काटे जाएंगे 20 हजार रुपये का चालान
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण को देखते हुए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने अब सख्त रूख अपनाना शुरू कर दिया है। प्रदूषण विभाग द्वारा ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तीसरे चरण के तहत नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुराने और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसे वाहनों के खिलाफ अब यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की तरफ से सख्त कदम भी उठाया जा रहा है। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की सख्ती के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बीएस-3 और बीएस-4 श्रेणी के करीब 1.51 लाख वाहनों के संचालन पर रोक लग गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर 20 हजार रुपये का चालान किया जाएगा। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की इस सख्ती के बाद सड़कों पर प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की संख्या में अपेक्षाकृत कमी आने की संभावना है। जिससे हवा की गुणवत्ता में कुछ सुधार हो सकता है।

परिवहन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर में करीब एक लाख से ज्यादा बीएस-4 और 51 हजार से ज्यादा बीएस-3 श्रेणी के वाहन पंजीकृत हैं। ग्रैप-3 के नियमों के तहत प्रतिबंधित श्रेणी के वाहनों को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इन आंकड़ों में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल चार पहिया वाहन शामिल हैं। यह प्रतिबंध लागू रहने तक वाहन चालकों को नियमों का पालन अवश्य करना होगा। इसके अलावा प्रदूषण विभाग के मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले वाहन चालकों को भी अनुमति नहीं दी जाएगी।
पांच टीमें 24 घंटे करेगी निगरानी
प्रतिबंधित वाहनों को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को रोकने के लिए यातायात पुलिस की पांच विशेष टीमों को तैनात किया गया है। यह टीमें जेवर टोल, जीरो पॉइंट और अन्य प्रमुख बॉर्डर क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी रखेंगी। यातायात पुलिस का उद्देश्य प्रतिबंधित श्रेणी के वाहनों की आवाजाही को रोकना और ग्रेप-3 के नियमों का सख्ती के साथ पालन करना है।
नियम तोड़ने पर लगेगा 20 हजार रुपये का जुर्माना
यातायात पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रतिबंध के बावजूद प्रतिबंधित वाहन चलाते हुए पकड़े जाने पर वाहन चालक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। डीसीपी यातायात ने ऐसे सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वह प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का पालन अवश्य करें और प्रतिबंधित श्रेणी के वाहन लेकर सड़कों पर नहीं चलें।
दिल्ली-नोएडा के बॉर्डर पर भी होगी सख्त जांच
डीएनडी फ्लाईवे, चिल्ला बॉर्डर, कालिंदी कुंज, न्यू अशोक नगर और कोंडली बॉर्डर समेत नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी व्यस्त रास्तों पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की टीमें जांच करेंगी। इन स्थानो पर बैरिकेडिंग करके वाहनों की जांच की जाएगी। दिल्ली, आगरा, लखनऊ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, फरीदाबाद और पलवल की ओर से आने वाले निजी और मालवाहक वाहनों पर भी सख्त नजर रखी जाएगी।
मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले वाहनों को नहीं होगी अनुमतिःएआरटीओ प्रशासन
एआरटीओ प्रशासन नंद कुमार ने बताया कि प्रवर्तन टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वह अपनी गाड़ी के प्रदूषण मानकों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।