गांधी-शास्त्री जयंती: खेकड़ा में महापुरुषों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, स्वच्छता और नशामुक्त-अपराधमुक्त जीवन का लिया संकल्प
खेकड़ा कस्बे में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अत्यंत श्रद्धा, गरिमा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और चिकित्सालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और उनके बताए आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
गांधी-शास्त्री जयंती: खेकड़ा में महापुरुषों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, स्वच्छता और नशामुक्त-अपराधमुक्त जीवन का लिया संकल्प
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अत्यंत श्रद्धा, गरिमा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और चिकित्सालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और उनके बताए आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
तहसील से लेकर कोतवाली तक नमन
तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सुरभि शर्मा और तहसीलदार वर्तिका श्रीवास्तव ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं नगरपालिका कार्यालय में चेयरपर्सन नीलम धामा एवं प्रतिनिधि सुनील धामा ने पुष्प अर्पित कर दोनों महापुरुषों के सिद्धांतों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय में सीओ रोहन चौरसिया और कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक आशीष पुंडीर के नेतृत्व में पुलिस बल ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
जेल में बंदियों का श्रमदान, अपराध त्यागने का संकल्प
जिला कारागार में जेल अधीक्षक डॉ. अदिति श्रीवास्तव, जेलर राजेश कुमार, जेलर प्रणय कुमार और जेल चिकित्सक डॉ. अमित गुप्ता की मौजूदगी में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान बंदियों ने पूरे परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। बंदियों ने भविष्य में हिंसा और अपराध का मार्ग त्यागकर एक अनुशासित, सम्मानित एवं शांतिपूर्ण जीवन जीने का सामूहिक संकल्प लिया।
कॉलेज व स्वास्थ्य केंद्रों पर भी दिखा उत्साह
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रभारी डॉ. ताहिर और ब्लॉक कार्यालय में ब्लॉक प्रमुख रश्मि धामा ने महापुरुषों को नमन किया। उधर, एमएम डिग्री कॉलेज में प्राचार्य डॉ. सुनील तोमर के निर्देशन में नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की छात्राओं ने कॉलेज परिसर से खरपतवार हटाकर और सफाई अभियान चलाकर महापुरुषों को अनूठी श्रद्धांजलि दी।
प्रेरणादायी हैं विचार
विभिन्न स्थानों पर आयोजित संगोष्ठियों में वक्ताओं ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के सिद्धांत तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी एवं 'जय जवान-जय किसान' का नारा आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके पदचिन्हों पर चलकर ही समृद्ध और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।



