ट्रेन में चढ़ते समय फिसला युवक, पहियों के नीचे आने से दर्दनाक मौत
खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे में एक यात्री की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
ट्रेन में चढ़ते समय फिसला युवक, पहियों के नीचे आने से दर्दनाक मौत
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे में एक यात्री की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
रमाला थाना क्षेत्र के लूम गांव निवासी जयप्रकाश उर्फ बबलू सोमवार को किसी काम से दिल्ली गया था। मंगलवार को वह दिल्ली से शामली जाने वाली ट्रेन से वापस लौट रहा था। खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वह नीचे उतरकर प्लेटफार्म पर पानी पीने लगा। इसी बीच ट्रेन के चलने पर वह जल्दबाजी में दोबारा चढ़ने लगा, लेकिन खिड़की के डंडे को पकड़ते समय उसका हाथ फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह सीधे पटरी पर जा गिरा और ट्रेन के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही ट्रेन रोक दी गई। रेलवे कर्मचारियों ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के बाद पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।