यात्री ट्रेन में युवक को चोर समझकर बेरहमी से पीटा, गंभीर घायल
दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां यात्री ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक को यात्रियों ने चोर समझ लिया और बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने युवक का मोबाइल फोन और नगदी भी छीन ली। सूचना पर पहुंचे रेलवे पुलिसकर्मियों ने युवक को बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
यात्री ट्रेन में युवक को चोर समझकर बेरहमी से पीटा, गंभीर घायल
– हमलावरों ने मोबाइल और नकदी भी छीनी, रेलवे पुलिस ने बचाकर पहुंचाया अस्पताल
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां यात्री ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक को यात्रियों ने चोर समझ लिया और बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने युवक का मोबाइल फोन और नगदी भी छीन ली। सूचना पर पहुंचे रेलवे पुलिसकर्मियों ने युवक को बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
सहारनपुर जिले के नकुड़ कस्बा निवासी मुकेश कुमार किसी काम से दिल्ली गया हुआ था। गुरुवार शाम वह दिल्ली से यात्री ट्रेन के जरिए वापस अपने घर लौट रहा था। बताया गया कि वह ट्रेन की कम भीड़ वाली बोगी में बैठा था। इसी दौरान फखरपुर रेलवे हाल्ट के पास कुछ यात्रियों को उस पर चोर होने का शक हुआ। संदेह होते ही यात्रियों ने बिना कुछ पूछताछ किए युवक पर हमला बोल दिया। लात-घूंसों और बेल्टों से की गई बेरहमी से पिटाई में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेन में मौजूद रेलवे पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह युवक को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद रेलवे पुलिस घायल युवक को खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर उतारकर अस्पताल ले गई, जहां उसका उपचार कराया गया। घायल मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसका महंगा मोबाइल फोन और एक हजार रुपये से अधिक की नगदी भी छीन ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रेन में हमला करने वाले यात्रियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। चलती ट्रेन में हुई इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।