12 नवंबर को सीएम योगी रहेंगे गौतमबुद्ध नगर, तैयारी तेज

गौर चौक अंडरपास का भी कर सकते हैं उद्घाटन, सीएम योगी के आगमन की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

12 नवंबर को सीएम योगी रहेंगे गौतमबुद्ध नगर, तैयारी तेज

तेजस न्यूज संवाददाता

आगामी 12 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ग्रेटर नोएडा दौरे पर रह सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की सूचना के बाद से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हलचल काफी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर चौक अंडरपास का उद्घाटन भी करेंगे। वहीं, जेवर में 1220 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ट्रैक्टर निर्माण इकाई का शिलान्यास भी करने की संभावना है। हालांकि, अभी तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे और कार्यक्रमों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि प्राप्त नहीं हुई है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर चौक अंडरपास का आगामी 8 नवंबर को ट्रायल किया गया था। लंबे समय से इस अंडरपास के शुरू होने का इंतजार करने वाले स्थानीय निवासियों को इससे शुरू होने से जाम से राहत मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे के दौरान इसका औपचारिक उद्घाटन भी किया जा सकता है। वहीं, जेवर स्थित दयौरार गांव के सेक्टर 8-डी में सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। करीब 1220 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस परियोजना की आधारशिला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रखे जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है। ट्रैक्टर निर्माण इकाई की स्थापना से कृषि उपकरणों के उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ इससे जुड़े सहायक उद्योगों के विकास की भी काफी उम्मीद है। इस परियोजना से युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को ध्यान में रखते हुए यमुना प्राधिकरण, जिला प्रशासन और पुलिस के अलावा संबंधित कंपनी की तरफ से तैयारियां भी काफी तेज कर दी है।