तार चोरी करने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश गोली लगने से घायल
खेकड़ा क्षेत्र में लगातार बिजली लाइनों से तार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे बदमाशों के गिरोह के साथ शनिवार देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके चार साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरोह के दो सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।
तार चोरी करने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश गोली लगने से घायल
– चार साथी गिरफ्तार, चोरी का तार, टाटा एस गाड़ी और तमंचा बरामद; दो आरोपी फरार
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र में लगातार बिजली लाइनों से तार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे बदमाशों के गिरोह के साथ शनिवार देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके चार साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरोह के दो सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र के जंगलों में पिछले कई दिनों से बिजली लाइनों के तार चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय था। करीब दो सप्ताह पहले बदमाशों ने सुनहरा मार्ग स्थित मोहल्ला अहिरान के जंगल से हाईटेंशन और एलटी लाइन के करीब 35 खंभों से लगभग पांच हजार मीटर तार चोरी कर लिया था। इसके बाद 19 जून की रात बदमाशों ने बड़ागांव रोड स्थित जंगल क्षेत्र में फिर वारदात को अंजाम देते हुए 19 खंभों से करीब तीन हजार मीटर तार काट लिया था, लेकिन उसे मौके से ले नहीं जा सके थे।
सीओ रोहण चौरसिया ने बताया कि शनिवार रात सात बदमाश एक टाटा एस वाहन लेकर चोरी किए गए तार को उठाने के लिए दोबारा जंगल में पहुंचे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतूरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाश आमिर ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आमिर के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद भागने की कोशिश कर रहे चार अन्य बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल बदमाश आमिर निवासी इस्लामनगर, गाजियाबाद को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों में शाहरुख निवासी इस्लामनगर, अयान और शौकीन निवासी हिंडन विहार गाजियाबाद तथा पंकज निवासी छतरपुर शामिल हैं। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी किया गया बिजली का तार, एक टाटा एस वाहन, एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी भी मिली है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय तार चोर गिरोह पर बड़ा प्रहार हुआ है।