नए बस अड्डे फ्लाईओवर पर पलटी रोडवेज बस, छह यात्री घायल
कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ऋषिकेश से दिल्ली जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) की एक बस नए बस अड्डे के फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में छह यात्री घायल हो गए,
तेजस न्यूज संवाददाता
नए बस अड्डे फ्लाईओवर पर पलटी रोडवेज बस, छह यात्री घायल
गाजियाबाद। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ऋषिकेश से दिल्ली जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) की एक बस नए बस अड्डे के फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में छह यात्री घायल हो गए, जबकि बस में सवार अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 3:15 बजे हुई। रोडवेज बस ऋषिकेश से यात्रियों को लेकर दिल्ली के आनंद विहार आईएसबीटी जा रही थी। जैसे ही बस नए बस अड्डे के फ्लाईओवर पर चढ़ी, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक को बचाने के प्रयास में चालक ने बस को अचानक मोड़ा। इससे चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में कुल 19 यात्री सवार थे, जिनमें से छह लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल नजदीकी नंदनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में बस का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं चालक को झपकी तो नहीं आई थी या बस की रफ्तार निर्धारित सीमा से अधिक तो नहीं थी।
हादसे के बाद क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सड़क से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात को सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।