गौतमबुद्ध नगर में 20 कोचिंग सेटरों की जांच, दो सील

लखनऊ आगजनी के बाद अग्निशमन विभाग ने चलाया अभियान

गौतमबुद्ध नगर में 20 कोचिंग सेटरों की जांच, दो सील

लखनऊ के कोचिंग सेंटर पर हुई आगजनी की घटना के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अग्निशमन विभाग, शिक्षा विभाग और सिटी मजिस्ट्रेट ने संयुक्त रूप से एक अभियान चलाया। अभियान के दौरान 20 कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण और फायर फाइटिंग उपकरणों की जांच की गई। जांच के दौरान 12 कोचिंग संस्थानों की अग्निशमन व्यवस्थाओं को ठीक पाया गया। जबकि 6 कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था सही नहीं मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। गौरतलब है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 15 मीटर से कम या ज्यादा हाइट के भवनों में कितने कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। उनके पंजीकरण और एनओसी के बारे में शिक्षा और अग्निशमन विभाग के पास जानकारी नहीं हैं। जबकि, पिछले दो से तीन सालों में दिल्ली में सख्ती के बाद 500 से ज्यादा कोचिंग सेंटर नोएडा स्थानांतरित किए जा चुके हैं। जिसमें ज्यादातर 50 मीटर तक की ऊंचाई की बिल्डिंग में एक शटर और एक गेट वाले आवासीय भवनों में कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं।


मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप ने बताया कि जांच के दौरान सभी संस्थाओं की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और पंजीकरण संबंधी कागजों की जांच की गई। जांच में 12 कोचिंग संस्थानों की अग्निशमन व्यवस्थाएं सही पाई गईं। 6 कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था सही नहीं मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। जांच के दौरान ओम एजुकेशन कोचिंग सेंटर, सेक्टर 149 नोएडा में आवश्यक पंजीकरण और भवन की अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। इन गंभीर अनियमितताओं को ध्यान में रखते हुए कोचिंग सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसी प्रकार सेक्टर 49 स्थित बसु कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया गया। वैध पंजीकरण उपलब्ध नहीं होने के चलते उसे भी तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके अलावा सेक्टर 49 स्थित विक्टर कोचिंग सेंटर और सेक्टर 149 स्थित साईं विनायक इंस्टीट्यूट ऑफ स्टडीज का निरीक्षण पाया गया। यह मौके पर बंद पाया गया। दोनों संस्थानों को नोटिस जारी किया गया। सेक्टर 104 स्थित एक होटल और एक गेमिंग जोन को भी अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए चेतावनी जारी की गई। अब तक 116 संस्थानों में कमियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। जिसमें 56 संस्थानों द्वारा कमियों को सही करा दिया गया है। 21 के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।