अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ शुरू होगी कार्रवाईःडीएम
जिलाधिकारी ने की नार्को कोर्डिनेशन सेंटर की बैठक
सूरजपुर के जिलाधिकारी कार्यालय पर स्थित एनआईसी सभागार में नार्को कोर्डिनेशन सेंटर के तहत गठित जिला स्तरीय समिति की एक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिलाधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम, नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इसके लिए केवल प्रवर्तन कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। बल्कि, व्यापक जन जागरूकता और सामाजिक सहभागिता भी आवश्यक है। स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, छात्रावासों, पीजी और कोचिंग संस्थानों के अलावा शिक्षण संस्थानों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाए। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में किसी भी प्रकार की नशे से संबंधित गतिविधि संचालित नहीं की जा सके।
थाना क्षेत्रों में चलाया जा रहा अवैध शराब पर अभियानःसुबोध कुमार
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ एक संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ सघन चेकिंग कार्रवाई की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखते हुए नियमानुसार प्रभावी प्रवर्तन की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
34 शैक्षणिक संस्थानों में चलाया जा रहा नशा और तम्बाकू नियंत्रण अभियानःडॉ. श्वेता खुराना
तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉक्टर श्वेता खुराना ने बताया कि विभाग द्वारा नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 34 शैक्षणिक संस्थानों में नशा और तम्बाकू नियंत्रण विषय पर जन जागरूकता शिविरों का आयोजन कयिा जा रहा है। इसके अलावा अभियान चलाकर 10 शैक्षणिक संस्थानों के आसपास संचालित तम्बाकू विक्रेताओं की दुकानों को हटाने की कार्रवाई भी की गई। जिससे विद्यार्थियों की तम्बाकू और अन्य नशीले पदार्थों तक आसान पहुंच को प्रभावी रूप से रोका जा सके। इस मौके पर जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार, तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉक्टर श्वेता खुराना, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार और जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार समेत कई पुलिस विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।