ऑनलाइन पोर्टर से स्कूल-कॉलेजों में ड्रग्स सप्लाई करने वाला अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की स्वाट टीम और अपराध शाखा ने "ऑपरेशन प्रहार" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न प्रकार के अवैध मादक पदार्थ और 13 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं
तेजेश चौहान तेजस
ऑनलाइन पोर्टर से स्कूल-कॉलेजों में ड्रग्स सप्लाई करने वाला अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
(13 लाख रुपये नकद, कोकीन, ओजी, शिलांग गांजा समेत कई मादक पदार्थ बरामद)
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की स्वाट टीम और अपराध शाखा ने "ऑपरेशन प्रहार" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न प्रकार के अवैध मादक पदार्थ और 13 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर में ऑनलाइन माध्यम से स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों तक नशीले पदार्थ पहुंचाने वाले संगठित गिरोह का सदस्य है।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) के नेतृत्व में 4 अगस्त को स्वाट टीम व अपराध शाखा और विजयनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बिहार निवासी कौस्तुभ मिश्रा उर्फ कार्तिक को संतोष मेडिकल सर्विस रोड सेक्टर-12 प्रताप विहार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त उपासना पांडेय ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से पटना (बिहार) का रहने वाला है और ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय से बीटेक व एमबीए की पढ़ाई कर चुका है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर बिहार से ओजी गांजा, शिलांग गांजा, मैंगो गांजा, एमडी, चरस, स्मैक और कोकीन जैसे मादक पदार्थ लाकर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था।
उपायुक्त के मुताबिक गिरोह व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था। भुगतान यूपीआई और बैंक खातों के माध्यम से लिया जाता था। जबकि डिलीवरी पोर्टर प्लेटफॉर्म के जरिए कराई जाती थी। आरोपी ने स्वीकार किया कि गिरोह का मुख्य निशाना स्कूल, कॉलेज और हॉस्टलों में पढ़ने वाले छात्र थे।
उन्होंने बताया कि आरोपी के कई साथी पहले ही विभिन्न मामलों में गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से स्कूलों और कॉलेजों में नशीले पदार्थों की आपूर्ति पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।