जाहरवीर के जयकारों के बीच बड़ागांव से राजस्थान रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था
बड़ागांव में गुरुवार को उस समय श्रद्धा और भक्ति का माहौल बन गया, जब करीब 30 श्रद्धालुओं का जत्था राजस्थान स्थित विख्यात जाहरवीर गोगा मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु बस में सवार होकर जयकारों के बीच यात्रा पर निकले। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और शुभकामनाओं के साथ उन्हें विदाई दी।
जाहरवीर के जयकारों के बीच बड़ागांव से राजस्थान रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था
- दो दिवसीय धार्मिक यात्रा में करेंगे पूजा-अर्चना, भंडारा और गांव की सुख-समृद्धि के लिए मांगेंगे आशीर्वाद
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
बड़ागांव में गुरुवार को उस समय श्रद्धा और भक्ति का माहौल बन गया, जब करीब 30 श्रद्धालुओं का जत्था राजस्थान स्थित विख्यात जाहरवीर गोगा मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु बस में सवार होकर जयकारों के बीच यात्रा पर निकले। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और शुभकामनाओं के साथ उन्हें विदाई दी।
श्रद्धालु प्रदीप त्यागी ने बताया कि दो दिवसीय धार्मिक यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु जाहरवीर गोगा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे और गांव की सुख-समृद्धि, शांति, अच्छी वर्षा तथा सभी परिवारों के मंगल की कामना करेंगे। मंदिर परिसर में श्रद्धालु दो दिन तक भंडारे का आयोजन कर सेवा भाव से प्रसाद वितरण भी करेंगे। उन्होंने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के बाद शनिवार को जत्था वापस बड़ागांव लौटेगा। यात्रा में सुशील त्यागी, उमेश त्यागी, सतीश त्यागी, प्रदीप त्यागी, राजपाल त्यागी, अमरोश त्यागी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं। गांव से श्रद्धालुओं के रवाना होने के दौरान पूरा वातावरण धार्मिक उल्लास से सराबोर रहा। जयकारों की गूंज, श्रद्धालुओं का उत्साह और ग्रामीणों की शुभकामनाएं इस यात्रा को यादगार बना गईं। स्थानीय लोगों ने यात्रा के सकुशल संपन्न होने और सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय वापसी की कामना की।