मोदी कैबिनेट ने मेट्रो विस्तार को दी हरी झंडी, 2390 करोड़ की लागत से तैयार होंगे 5 स्टेशन

सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 तक होगा एक्वा लाइन का विस्तार

मोदी कैबिनेट ने मेट्रो विस्तार को दी हरी झंडी, 2390 करोड़ की लागत से तैयार होंगे 5 स्टेशन

तेजस न्यूज संवाददाता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर 4 तक के विस्तार को मंजूरी दे दी गई है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा के सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 तक 8.449 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मेट्रो रेल कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी प्राप्त हो चुकी है। इस कॉरिडोर पर कुल पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। परियोजना की अनुमानित लागत 2390 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह रूट नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा संचालित एक्वा लाइन का विस्तार है। मंजूरी मिलने के बाद इस क्षेत्र में शहरी कनेक्टिविटी में सुधार होगा और यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।

पर्थला चौक, गौर चौक और एक मूर्ति सर्कल पर यातायात की भीड़ काफी कम हो जाएगी। अभी इन चौकों पर भारी यातायात जाम का सामना लोगों को करना पड़ता है। यह फैसला लंबे समय से लंबित ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना के लिए काफी ज्यादा महत्वपूर्ण है। एनएमआरसी से मिली जानकारी के मुताबिक, कैबिनेट मंजूरी मिलने के बाद अब एनएमआरसी जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया को शुरू करने जा रहा है। इसका निर्माण कार्य अब आगे बढ़ सकेगा। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सैकड़ों निवासियों के आवागमन को काफी ज्यादा सुविधा प्राप्त होगी।

सार्वजनिक परिवहन की सुविधा को मिलेगी मजबूतीःअश्विनी वैष्णव

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह परियोजना एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने और यातायात दबाव कम करने की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

नेफोवा, नेफोमा, गौतमबुद्ध नगर विकास समिति चला रही थी अभियान

ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को लेकर पिछले काफी समय से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के आवासीय संगठन नेफोवा, नेफोमा, गौतमबुद्ध नगर विकास समिति ऑन लाइन अभियान चला रही थी। कैबिनेट की जानकारी मिलने के बाद सभी संगठनों में खुशियों की लहर दौड़ रही है।