श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य रथयात्रा, जयकारों से गूंजा खेकड़ा
खेकड़ा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तहत रविवार को कस्बे में भव्य रथयात्रा निकाली गई। सजे-धजे रथ, देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां, मधुर भक्ति संगीत और श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो उठा। रथयात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य रथयात्रा, जयकारों से गूंजा खेकड़ा
- देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां और भक्ति संगीत बने आकर्षण का केंद्र, श्रद्धालुओं ने बरसाए फूल
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तहत रविवार को कस्बे में भव्य रथयात्रा निकाली गई। सजे-धजे रथ, देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां, मधुर भक्ति संगीत और श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो उठा। रथयात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
रथयात्रा का शुभारंभ श्री बालाजी मंदिर से हुआ। यहां से रथयात्रा पांडव पुलिया, छोटा बाजार, जैन बाजार, पुलिस चौकी, महादेव चौक और जैन कॉलेज रोड से होते हुए मंडी गांधी गंज पहुंची। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और झांकियों के दर्शन किए। रथयात्रा में भारत के प्रसिद्ध बैंडों ने भक्ति गीतों की मधुर धुनें बिखेरीं। वहीं राया-मथुरा से आए शहनाई वादकों की मनमोहक प्रस्तुति ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। देवी-देवताओं की कलात्मक एवं आकर्षक झांकियां लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी रथयात्रा में उत्साह के साथ शामिल हुए। मंडी गांधी गंज पहुंचने के बाद रथयात्रा में विश्राम किया गया। शाम छह बजे रथयात्रा दोबारा शुरू हुई और विभिन्न मार्गों से होते हुए रात करीब नौ बजे श्री बालाजी मंदिर पहुंची। यहां विधिवत रूप से रथयात्रा का समापन किया गया। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। रथयात्रा के सफल संचालन में जितेन्द्र सिंघल, विपुल गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता, राजू गुप्ता, अंकुश गुप्ता, तरुण गुप्ता आदि का विशेष सहयोग रहा।



