रुपये नहीं देने पर फर्जी केस में फंसाने और ‘हाफ एनकाउंटर’ की धमकी का आरोप
प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के मैनेजर ने बालैनी थाने में तैनात एक कांस्टेबल पर रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने के साथ ‘हाफ एनकाउंटर’ करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मैनेजर ने सीओ को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
रुपये नहीं देने पर फर्जी केस में फंसाने और ‘हाफ एनकाउंटर’ की धमकी का आरोप
- प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के मैनेजर ने सीओ से की शिकायत, कांस्टेबल पर रुपए मांगने का आरोप
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के मैनेजर ने बालैनी थाने में तैनात एक कांस्टेबल पर रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने के साथ ‘हाफ एनकाउंटर’ करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मैनेजर ने सीओ को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कस्बे के कृष्णा नगर मोहल्ला निवासी सुमित शर्मा एक निजी फाइनेंस कंपनी में मैनेजर हैं। उन्होंने सीओ रोहन चौरसिया को दिए शिकायती पत्र में बताया कि करीब दो माह पहले वह निजी वाहन से मेरठ से वापस लौट रहे थे। बालैनी क्षेत्र में तैनात एक कांस्टेबल ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि कांस्टेबल ने उनकी किसी विवादित पोस्ट का हवाला देते हुए मुकदमे से बचने के लिए रुपये देने की मांग की। सुमित का आरोप है कि रुपये नहीं देने पर कांस्टेबल ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और ‘हाफ एनकाउंटर’ कर जेल भेजने की धमकी दी। उस समय वह किसी तरह बहाना बनाकर वहां से निकल गए। आरोप है कि अब वही कांस्टेबल उनके घर पहुंचकर बीमार पिता और परिजनों पर रुपये देने का दबाव बना रहा है। रकम नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और ‘हाफ एनकाउंटर’ की धमकी दिए जाने से परिवार दहशत में है। मैनेजर ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। सीओ रोहन चौरसिया ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।