पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की पत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन
मेट्रो अस्पताल में फेफड़ों के संक्रमण से इलाज के दौरान मौत, सोशल मीडिया एक्स पर दी थी जानकारी
तेजस न्यूज संवाददाता
राजस्थान के पूर्व राज्यपाल और भाजपा के दिग्गज नेता कलराज मिश्रा की पत्नी सत्यवती मिश्रा का रविवार को नोएडा के मेट्रो अस्पताल में निधन हो गया। वह करीब एक सप्ताह से फेफड़ों में संक्रमण के कारण गंभीर हालत में भर्ती थीं। सत्यवती मिश्रा का इलाज वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम द्वारा किया जा रहा था। लेकिन, संक्रमण पर काबू नहीं पाया जा सका। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी अस्पताल में उनका स्वास्थ्य का हाल चाल जाना था। पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी के निधन की सूचना पर भाजपा समेत कई राजनीतिक दलों के बड़े पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और पार्थिव शरीर को आवास पर ले आए। परिवार पर इस दुखद घटना से भारी ज्यादा शोक छा गया है।

पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन की सूचना पोस्ट कर दी थी। पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की पत्नी सत्यवती मिश्रा की मृत्यु की सूचना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के नव नियुक्त उप राज्यपाल दिनेश शर्मा समेत कई राजनीति और सामाजिक हस्तियों ने शोक व्यक्त किया। पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा ने अपनी पत्नी के निधन की सूचना देते हुए एक्स पर उनकी एक तस्वीर भी साझा की थी। उन्होंने लिखा कि मेरी धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्रा जी, आज अपनी जीवन यात्रा पूर्ण कर ईश्वर के श्रीचरणों में विलीन हो गई हैं। प्रभु उनको अपने श्री चरणों में स्थान दें। ऊं शांति।

मुख्यमंत्री ने भी जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शांति प्रदान करें।

उप मुख्यमंत्री ने भी एक्स पर किया पोस्ट
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर से प्रार्थना है कि गोलोकवासी पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

निजी आवास पर रखा गया शव
भाजपा नेता अमित त्यागी ने बताया कि सत्यवती मिश्रा के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए नोएडा के सेक्टर 51 स्थित उनके निजी आवास पर रखा गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं। सत्यवती मिश्रा के निधन पर भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है।