बेटे को लेने पहुंचे पिता से ससुरालियों ने की मारपीट
सांकरौद गांव से पटौली स्थित ससुराल में रह रहे बेटे को लेने पहुंचे युवक के साथ ससुरालियों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दोबारा बेटे को लेने आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत कर बेटे को वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बेटे को लेने पहुंचे पिता से ससुरालियों ने की मारपीट
- विरोध करने पर गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी
- पत्नी की मौत के बाद आठ माह से ननिहाल में रह रहा है बेटा
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
सांकरौद गांव से पटौली स्थित ससुराल में रह रहे बेटे को लेने पहुंचे युवक के साथ ससुरालियों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दोबारा बेटे को लेने आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत कर बेटे को वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सांकरौद निवासी निदेश की शादी चांदीनगर क्षेत्र के पटौली गांव निवासी युवती से हुई थी। निदेश के अनुसार वर्ष 2022 में उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बाद उसका बेटा करीब आठ माह से ननिहाल में रह रहा है। निदेश का कहना है कि वह बेटे का दाखिला कराने के लिए काफी समय से ससुरालियों से उसे वापस भेजने की मांग कर रहा था। मंगलवार दोपहर वह बेटे को लेने पटौली गांव स्थित ससुराल पहुंचा। आरोप है कि बेटे को अपने साथ चलने के लिए कहने पर ससुरालियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने निदेश की पिटाई कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसे धमकी दी गई कि दोबारा बेटे को लेने आया तो जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित किसी तरह वहां से निकलकर खेकड़ा पहुंचा और कोतवाली में शिकायत दी। पीड़ित ने पुलिस से बेटे को वापस दिलाने के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।