नोएडा से बिगड़ सकता है पंकज सिंह का चुनावी समीकरण

नोएडा में सबसे ज्यादा 1.83 लाख मतदाताओं के नाम कटे, सपा, बसपा और कांग्रेस को भी अब जीत की उम्मीद

नोएडा से बिगड़ सकता है पंकज सिंह का चुनावी समीकरण

तेजस न्यूज संवाददाता

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों से पहले गौतमबुद्ध नगर (नोएडा विधान सभा सीट) पर राजनीतिक समीकरण अब कुछ बदलते हुए नजर आ रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इस बार के विधान सभा चुनावों में मौजूदा विधायक पंकज सिंह को काफी ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। इसका मुख्य कारण मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) माना जा रहा है। नोएडा, दादरी और जेवर की तीनों विधान सभा सीटों की बात की जाए तो कुल 3,60,595 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा 1,83,887 मतदाताओं के नाम नोएडा विधान सभा सीट से काटे गए हैं। भाजपा के मौजूदा विधायक पंकज सिंह इसी विधान सभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि एक बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे जाने से प्रत्याशियों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसी के चलते तीनों विधान सभा सीटों पर सभी राजनीतिक दल अपने पुराने चुनावी आकलन और बूथवार रणनीति को नए सिरे से तैयार कर रहे हैं।

नोएडा विधान सभा सीट से भाजपा विधायक पंकज सिंह हैं। इस सीट पर एसआईआर के दौरान 1,83,887 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। गौतमबुद्ध नगर की तीनों विधान सभा सीटों पर सबसे ज्यादा मतदाता नोएडा विधान सभा सीट से हटाए गए हैं। नोएडा में तेजी से बढ़ती आबादी, किरायेदारों का आवागमन और नए आवासीय क्षेत्रों के विस्तार के चलते मतदाता सूची काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। हालांकि, अब तक नोएडा विधान सभा सीट पर भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा समेत सभी राजनीतिक दल इस बात का निष्कर्ष नहीं निकाल सकते हैं कि इसका लाभ सबसे ज्यादा किस राजनीतिक दल को होने वाला है।

भाजपा समेत सभी राजनीतिक दल बदल रहे बूथ रणनीति

गौतमबुद्ध नगर की तीनों विधान सभा सीटों पर भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा ने अपनी चुनावी तैयारिया शुरू कर दी है। भाजपा अपने संगठनात्मक नेटवर्क और बूथ स्तर की सक्रियता के आधार पर चुनावी रणनीति तैयार कर रही है। मतदाता सूची में बड़े बदलाव के बाद पुराने चुनावी आंकड़ों और बूथवार मतदाता संख्या का दोबारा विश्लेषण किया जा रहा है।

सभी राजनीतिक दल अपने समर्थकों की संख्या जानने में जुटे

एसआईआर के बाद गौतमबुद्ध नगर में भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा अपने मतदाताओं और समर्थकों की संख्या जानने में लगे हुए हैं। इसमें सभी राजनीतिक दलों की सबसे ज्यादा रुचि उन मतदाताओं पर है, जिनके नाम एसआईआर से हटाए गए हैं।