पंजाबी विकास मंच ने कैप्टन विकास गुप्ता से की मुलाकात

युवराज मेहता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर की मुलाकात

पंजाबी विकास मंच ने कैप्टन विकास गुप्ता से की मुलाकात

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा के सेक्टर 150 में युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की दर्दनाक मृत्यु के मामले में न्याय और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग पंजाबी विकास मंच की तरफ से उठाई गई है। इस मांग को लेकर पंजाबी विकास मंच के पदाधिकारियों ने दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता से उनके आवास पर मुलाकात की। यह मुलाकात पंजाबी विकास मंच के जेएम सेठ के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस मुलाकात के दौरान पंजाबी विकास मंच के एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले की जल्द और सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

पंजाबी विकास मंच के जेएम सेठ ने बताया कि किसी भी व्यक्ति की जान की कीमत पर प्रशासनिक लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। यह मामला केवल एक परिवार को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है। बल्कि, भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने से भी जुड़ा हुआ है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर पारदर्शिता और ठोस कार्रवाई आवश्यक है। निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन और संबंधित विभागों की जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस मौके पर जेएम सेठ, गुरिंदर बंसल, अजय साहनी, संजय खत्री, अंजना भागी, कर्नल एके तारा, मेजर सोहन सिंग बग्गा, हेमंत डोगरा और वी सहगल समेत कई लोग मौजूद रहे।