मतदाता जागरूकता पोस्टर प्रदर्शनी में युवाओं को किया जागरूक
खेकड़ा कस्बे के एमएम डिग्री कॉलेज में गुरुवार को मतदाता जागरूकता को लेकर पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक पोस्टर बनाकर युवाओं को मतदाता बनने और मतदान के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
मतदाता जागरूकता पोस्टर प्रदर्शनी में युवाओं को किया जागरूक
- तहसीलदार ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं से मतदाता बनने की अपील की
- एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक पोस्टरों के जरिए दिया मतदान का संदेश
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के एमएम डिग्री कॉलेज में गुरुवार को मतदाता जागरूकता को लेकर पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक पोस्टर बनाकर युवाओं को मतदाता बनने और मतदान के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ तहसीलदार दीपशिखा सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता बनना और मतदान प्रक्रिया में भाग लेना बेहद जरूरी है। युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस दौरान तहसीलदार तनुजा अत्रि ने प्रदर्शनी में लगाए गए पोस्टरों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक मत लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए सभी पात्र नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। कार्यक्रम में प्रबंध समिति के सचिव नरेंद्र शर्मा, प्राचार्य डॉ. सुनील तोमर, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उदयभान द्विवेदी, डॉ. देवेश शुक्ल, डॉ. स्वाति, डॉ. हरिओम, डॉ. भवानी रामचंद्रन, डॉ. सुनील धीमान, डॉ. शैलेंद्र, डॉ. मनोज, डॉ. शिवेंद्र मिश्र और डॉ. गुंजन सिंह आदि मौजूद रहे।
