मतदाताओं ने समझी ईवीएम और वीवीपैट से वोट डालने की प्रक्रिया
विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए शुक्रवार को खेकड़ा तहसील मुख्यालय पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का प्रदर्शन शुरू किया गया। पहले ही दिन तहसील पहुंचे फरियादियों और अधिवक्ताओं ने मशीनों के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया को समझा और खुद वोट डालकर अभ्यास किया।
मतदाताओं ने समझी ईवीएम और वीवीपैट से वोट डालने की प्रक्रिया
- तहसील मुख्यालय पर शुरू हुआ मशीनों का प्रदर्शन, पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का प्रदर्शन शुरू किया गया। पहले ही दिन तहसील पहुंचे फरियादियों और अधिवक्ताओं ने मशीनों के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया को समझा और खुद वोट डालकर अभ्यास किया।
एसडीएम दीपशिखा सिंह ने बताया कि प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं की मतदान प्रक्रिया को लेकर शंकाएं दूर करना और उन्हें ईवीएम के संचालन की जानकारी देना है। इसके तहत लोगों को ईवीएम से वोट डालने के साथ ही वीवीपैट मशीन के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया समझाई जा रही है। उन्होंने बताया कि वीवीपैट में मतदान के बाद कुछ समय के लिए पर्ची दिखाई देती है, जिससे मतदाता यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि उनका वोट इच्छित प्रत्याशी के पक्ष में दर्ज हुआ है। तहसील में आने वाले लोगों को मशीनों पर मतदान का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वास्तविक चुनाव के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी या असमंजस का सामना न करना पड़े। प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार अनुजा अत्री सहित तहसील के कर्मचारी मौजूद रहे।


