सपा को जल्द मिलेगा नया महानगर अध्यक्ष

गौरव सिंघल, गौरव चाचरा, बिलाल बर्नी, अतुल यादव, मुकेश यादव समेत कई नामों की चल रही चर्चा

सपा को जल्द मिलेगा नया महानगर अध्यक्ष

तेजस न्यूज संवाददाता

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों से पहले नोएडा विधान सभा सीट पर समाजवादी पार्टी एक बड़ा बदलाव करने जा रही है। समाजवादी पार्टी के सूत्रों को अगर सही माना जाए तो जल्द ही समाजवादी पार्टी नए महानगर अध्यक्ष की घोषणा कर सकती हैं। इसके पीछे का मुख्य कारण यह माना जा रहा है कि नोएडा विधान सभा सीट पर समाजवादी पार्टी की उपस्थिति अब तक काफी ज्यादा एक्टिव नजर नहीं आ रही है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता नोएडा में छोटे और बड़े मुद्दे तो अक्सर उठाते रहते हैं। लेकिन, महानगर अध्यक्ष द्वारा अब तक कोई बड़ा मुद्दा नोएडा में नहीं उठाया गया है। ऐसे में समाजवादी पार्टी को विधान सभा और लोक सभा चुनावों में जीत प्राप्त नहीं हो सकी है। समाजवादी पार्टी की नोएडा में जीत नहीं होने का एक बड़ा कारण अनुभवहीन नेताओं का समाजवादी पार्टी का महानगर अध्यक्ष बनाया जाना भी माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी ने नोएडा में एक ऐसे महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति की थी। जिसे नोएडा की जनता तो दूर की बात है पार्टी के कार्यकर्ता भी उसे ठीक प्रकार से नहीं जानते हैं।

समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता के अब तक के कार्यकाल में कोई नया सदस्य पार्टी से नहीं जुड़ सका है। इससे पूर्व समाजवादी पार्टी में दीपक विग को महानगर अध्यक्ष बनाया गया था। दीपक विग के नेतृत्व में नोएडा में समाजवादी पार्टी ने काफी प्रगति की थी। दीपक विग के नेतृत्व में ऐसा लग रहा था कि समाजवादी पार्टी नोएडा विधान सभा सीट पर अपनी जीत सुनिश्चित करेगी। हालांकि, समाजवादी पार्टी में एक बार फिर महानगर अध्यक्ष के बदलाव की चर्चा शुरू हो गई है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, जल्द ही समाजवादी पार्टी को नया महानगर अध्यक्ष मिल सकता है।

गौरव सिंघल, गौरव चाचरा, बिलाल बर्नी, गौरव यादव समेत कई दावेदार  

समाजवादी पार्टी के लिए महानगर अध्यक्ष पद के लिए नोएडा विधान सभा सीट से कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की तरफ से आवेदन किया गया है। जिसमें मुख्य रूप से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गौरव सिंघल, राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव चाचरा, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव बिलाल बर्नी, छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अतुल यादव, मीडिया प्रभारी गौरव यादव और विकास यादव समेत कई नामों पर चर्चा चल रही हैं।

2023 में महानगर अध्यक्ष बने थे आश्रय गुप्ता  

समाजवादी पार्टी ने अप्रैल 2023 में डॉ. आश्रय गुप्ता को नोएडा महानगर अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया था। उनके नेतृत्व में महानगर संगठन की गतिविधियां जारी है। लेकिन, अब समाजवादी पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं काफी तेज चल रही हैं। हालांकि, अभी तक समाजवादी पार्टी की तरफ से नए नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

दीपक विग के कार्यकाल की भी चल रही चर्चा

समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष पद की चर्चा के बीच पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग के नाम की भी चर्चा चल रही है। दीपक विग के कार्यकाल के दौरान पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और स्थानीय राजनीति में समाजवादी पार्टी की सक्रियता काफी ज्यादा रही थी। ऐसे में विधान सभा चुनावों से पहले पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए बदलाव करने पर विचार कर रही है।

शहर के साथ सपा को बैठाने होगा तालमेल

नोएडा विधान सभा सीट पर शहरी मतदाताओं की संख्या ग्रामीण मतदाताओं से काफी ज्यादा है। अभी तक समाजवादी पार्टी नोएडा विधान सभा सीट पर ग्रमीण मतदाताओं पर ज्यादा फोकस करती थी। जिसके चलते समाजवादी पार्टी को नोएडा विधान सभा सीट पर अपेक्षाकृत परिणाम प्राप्त नहीं हो सके थे। ऐसे में समाजवादी पार्टी नोएडा विधान सभा सीट पर शहरी मतदाताओं के साथ बेहतर तालमेल बैठाने वाले कार्यकर्ता को महानगर अध्यक्ष बना सकती है।