नोएडा से हल्द्वानी की बस सेवा शुरू
सुबह 7 बजे से नोएडा डिपो से संचालित हो रही बस
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 35 स्थित मोरना डिपो से हल्द्वानी के लिए बस सेवा शुरू हो चुकी है। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, नोएडा से हल्द्वानी के लिए सुबह 7 बजे और हल्द्वानी से नोएडा के लिए 2 बजे बस संचालित की जा रही है। मोरना डिपो से अभी हल्द्वानी के लिए केवल एक बस का संचालन किया जा रहा है। हालांकि, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बसों की संख्या में भी इजाफा किया जाएगा। नोएडा डिपो से हल्द्वानी के लिए संचालित होने वाली बस का टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया है। हल्द्वानी जाने वाले सभी यात्री बस का टाइम टेबल देखकर मोरना डिपो से बस को पकड़ सकते हैं। नोएडा डिपो में 188 से ज्यादा बसें संचालित की जा रही है। डिपो की सभी बसें साधारण और सीएनजी से चलने वाली हैं। गौरतलब है कि पर्वतीय इलाकों में नोएडा डिपो से हरिद्वार, कोटद्वार, रुद्रपुर के लिए बसों का संचालन किया जा रहा है।

मोरना डिपो के एआरएम रोहताश कुमार ने बताया कि नोएडा से हल्द्वानी के लिए सुबह 7 बजे और हल्द्वानी से नोएडा के लिए दोपहर दो बजे बस का संचालन किया जा रहा है। अभी केवल एक बस का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या को भी बढ़ाया जा सकता है। इन रूट पर बस का किराया 445 रुपये रखा गया है।
गर्मियों के मौसम में बसों की संख्या बढ़ने की संभावना
मोरना डिपो के एआरएम रोहताश कुमार ने बताया कि गर्मियों के मौसम और स्कूली बच्चों की छुट्टियां होने पर पहाड़ों की तरफ लोग घूमने चले जाते हैं। नोएडा से उत्तराखंड की दूरी ज्यादा नहीं है। ऐसे में लोग उत्तराखंड के पहाड़ों की तरफ निकल जाते हैं। उत्तराखंड में हरिद्वार, देहरादून, मसूरी, नैनीताल समेत कई पर्यटन स्थल हैं। जहां गर्मी के सीजन में पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहता है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए नोएडा डिपो से देहरादून, हरिद्वार और रुद्रपुर के बाद अब हल्द्वानी के लिए बस चलाने का फैसला किया है। हल्द्वानी जाने के लिए 445 रुपये प्रति किराया निर्धारित किया गया है। इन बसों को चलाने के लिए संविदा पर ड्राइवरों की भर्ती की जा चुकी है।