एक्सोटिका फ्रेस्को सोसायटी में हुआ मेडिसिन डोनेशन अभियान का शुभारंभ
अपने घरों में उपलब्ध अनुपयोगी और एक्सपायरी से पहले की दवाइयां का हो सकेगा उपयोग
नोएडा के सेक्टर 137 स्थित एक्सोटिका फ्रेस्को सोसायटी में नोफा और नोएडा लोक मंच ने संयुक्त रूप से मेडिसिन डोनेशन अभियान का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम नोफा के महासचिव सुरोजित दासगुप्ता के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

नोफा के महासचिव सुरोजित दासगुप्ता ने कहा कि इस अभियान के दौरान निवासी अपने घरों में उपलब्ध अनुपयोगी और एक्सपायरी से पहले की दवाइयां जैसे टैबलेट, कैप्सूल, सीलबंद सिरप की बोतलों के अलावा नए और अप्रयुक्त एडल्ट डायपर्स और अन्य उपयोगी हेल्थकेयर सामग्री एक्सोटिका फ्रेस्को क्लब हाउस में जमा करा सकते हैं। इन सभी दवाओं को एकत्रित करके नोएडा लोक मंच द्वारा आयोजित नोएडा के सेक्टर 12 स्थित दवा बैंक और डिस्पेंसरी तक पहुंचाई जाएगी। जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाएं प्राप्त हो सके। सोसायटी में अनुपयोगी पड़ी दवाओं को किसी जरूरतमंद के लिए राहत, उपचार और आशा का माध्यम बन सकती है।