8 दिसंबर तक नोएडा प्राधिकरण ने मांगे आवेदन
नोएडा प्राधिकरण में अधूरे टावर पर खर्च होंगे 65 करोड़
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 96 स्थित नव निर्मित नोएडा प्राधिकरण का कार्यालय चार मंजिला बनकर तैयार हो चुका है। इस टावर में बचे हुए काम को पूरा करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने 65 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपये का टेंडर भी जारी किया है। इसके लिए इच्छुक एजेंसियां आगामी 8 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। नोएडा प्राधिकरण भविष्य में इस टावर को 12 मंजिला तक विकसित करने की योजना पर विचार कर रही है।

नोएडा प्राधिकरण का मुख्य कार्यालय पहले सेक्टर 6 में संचालित होता था। इसके बाद सेक्टर 96 में नए कार्यालय परिसर का निर्माण कराया गया। जून के अंतिम सप्ताह में नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया था। इस परिसर में दो टावर बनाए जाने प्रस्तावित थे। इसमें से एक सात मंजिला टावर में प्राधिकरण का कार्यालय शिफ्ट हो चुका है। जबकि दूसरा टावर अब भी अधूरा पड़ा हुआ है।
17 मंजिला बनाया जाना था टावर नंबर-1
टावर नंबर-1 का निर्माण करीब चार से पांच साल पहले बंद हो गया था। इस टावर को 17 मंजिला बनाया जाना था। इसका निर्माण बेसमेंट समेत केवल चार मंजिला तक ही हो सकता है। इसके बाद से निर्माण कार्य रुका हुआ था। करीब तीन महीने पहले नोएडा प्राधिकरण ने अधूरे टावर के बचे हुए निर्माण कार्य को पूरा कराने का फैसला किया था। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब टेंडर जारी कर दिया गया है। इस काम पर कुल 65 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
8 दिसंबर तक आवेदन कर सकती हैं एजेंसियां
नोएडा प्राधिकरण की तरफ से जारी टेंडर में एजेंसियां आगामी 8 दिसंबर तक आवेदन कर सकती हैं। निर्धारित समय सीमा में आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राधिकरण आगे की निविदा प्रक्रिया पूरी करेगा। इसके बाद चयनित एजेंसी को निर्माण कार्य सौंपा जाएगा।