नोएडा में सपा की लगातार बढ़ रही सक्रियता
कांग्रेस ने नोएडा विधान सभा सीट पर छोड़ी दावेदारी
तेजस न्यूज संवाददाता
उत्तर प्रदेश के 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावो को लेकर गौतमबुद्ध नगर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में अब तक कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन नहीं हुआ है। लेकिन, गौतमबुद्ध नगर की तीनों विधान सभा सीटों पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की लगातार बढ़ती सक्रियता से गठबंधन की सीटों पर भी असर पड़ता हुआ नजर आ रहा है। गौतमबुद्ध नगर की तीनों विधान सभा सीटों पर कांग्रेस की तरफ से अपना रुख भी साफ करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की तरफ से दादरी और जेवर विधान सभा सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की गई है। वहीं, नोएडा विधान सभा सीट पर समाजवादी पार्टी की सक्रियता भी लगातार बढ़ती जा रही है। नोएडा विधान सभा सीट पर समाजवादी पार्टी की बढ़ती सक्रियता से संभावित प्रत्याशियों की संख्या भी बढ़ रही है।

नोएडा विधान सभा सीट पिछले कई सालों से भाजपा का एक मजबूत गढ़ माना जाता है। समाजवादी पार्टी को नोएडा विधान सभा सीट पर पिछले कई चुनावों से लगातार असफलता मिल रही है। नोएडा विधान सभा सीट पर समाजवादी पार्टी का जनाधार भी कुछ खास नजर नहीं आता है।
सपा की बढ़ती सक्रियता से भाजपा को होगी परेशानी
नोएडा विधान सभा सीट पर समाजवादी पार्टी की लगातार बढ़ती सक्रियता के चलते भाजपा के कार्यकर्ता भी कुछ परेशान नजर आ रहे हैं। समाजवादी पार्टी की लगातार बढ़ रही सक्रियता के चलते इस बार वोट बढ़ने की भी संभावना है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पिछले कई महीनों से नोएडा के सभी सामाजिक कार्यक्रमों में लगातार नजर आ रहे हैं। इसके अलावा नोएडा की छोटी से छोटी समस्या को भी प्रमुखता के साथ लगातार उठा रहे हैं। कार्यकर्ता नोएडा विधान सभा सीट पर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इसका असर आगामी विधान सभा चुनावों में नजर आ सकता है।
नोएडा में सपा के पक्ष में बदल रहा जनता का समर्थन
नोएडा विधान सभा सीट पर भाजपा के मौजूदा विधायक पंकज सिंह हैं। लेकिन, अधिकांश सोसायटी और सेक्टरों में पिछले कई सालों से मौजूदा विधायक पंकज सिंह द्वारा किसी भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। ऐसे में समाजवादी पार्टी की बढ़ती सक्रियता के चलते लोगों का जनसमर्थन भी मिलता जा रहा है। हालांकि, अभी यह कहना काफी जल्दबाजी होगा कि इस बार के विधान सभा चुनावों में नोएडा विधान सभा सीट पर कुछ राजनीतिक बदलाव आ सकते हैं।
कांग्रेस ने भी नोएडा में बदला अपना रुख
कांग्रेस ने दादरी और जेवर विधान सभा सीट पर अपनी दावेदारी अवश्य पेश कर दी है। जबकि नोएडा विधान सभा सीट पर कांग्रेस के कार्यकर्ता अब तक कुछ भी बोलने से लगातार परहेज कर रहे हैं। ऐसे में इस बात के आसार काफी ज्यादा नजर आ रहे हैं कि गठबंधन में नोएडा विधान सभा सीट इस बार समाजवादी पार्टी के खाते में जा सकती है।