नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एक्सीडेंट्स स्पॉट पर लगेगी लगाम, बंद होंगे 27 कट

परिवहन विभाग ने शुरू की तैयारी, 14 कट एनएचएआई के पास

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एक्सीडेंट्स स्पॉट पर लगेगी लगाम, बंद होंगे 27 कट

तेजस न्यूज संवाददाता

परिवहन विभाग ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसों के लिए जिम्मेदारी 27 अवैध कटों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने का फैसला किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, परिवहन विभाग इन अवैध कटों को बंद करने जा रहा है। परिवहन विभाग ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सड़कों का सर्वे कराने के बाद इन अवैध कटों की पहचान की थी। इन अवैध कटों पर वाहन चालक अक्सर शॉर्टकट के चक्कर में गलत दिशा में वाहन मोड़ते हैं। जिससे कई बार सड़क दुर्घटना का शिकार भी हो जाते हैं।

एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, यमुना प्राधिकरण और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को एक पत्र भेजा है। इस पत्र के माध्यम से इन सभी अवैध कटों को जल्द से जल्द बंद कराने की मांग की है। इन 27 कटों में सबसे ज्यादा 14 कट एनएचएआई की सड़कों पर है। इन स्थों पर कंक्रीट के बैरियर और लोहे की ग्रिल लगाकर रास्तों को बंद करने का सुझाव दिया गया है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इन स्थानों पर बंद होंगे कट

नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में सोहरखा गेट नंबर-2 के सामने, सेक्टर 18 मेट्रो स्टेशन के नीचे, छिजारसी से बहलोलपुर गोलचक्कर के बीच और शिवम इंटर कॉलेज के सामने बने कट शामिल हैं। ग्रेटर नोएडा में दुर्गा टॉकीज और मोजर बेयर गोलचक्कर के बीच, एलजी गोलचक्कर के पास मारुति सर्विस सेंटर के सामने, सूरजपुर-कासना मार्ग पर रेलवे लाइन के पास, मकोड़ा और तिलपता गोलचक्कर के बीच, अल्फा गोलचक्कर के पास और नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन के पास बने अवैध कट बंद किए जाएंगे। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में गलगोटिया यूनिवर्सिटी, एनआईयू और बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट के सामने बने तीन अवैध कटों को बंद किया जाएगा।

एनएचएआई क्षेत्र के 14 कट भी होंगे बंद

एनएचएआई के अधिकार क्षेत्र में 14 अवैध कटों को भी बंद किया जाएगा। जिसमें ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर नौरंगपुर पेट्रोल पंप के पास और एनएच-91 पर आनंद अस्पताल, खोड़ा धर्मपुरा, त्यागी पेट्रोल पंप, अर्जुन पेट्रोल पंप, इंडियन पेट्रोल पंप, अच्छेजा और बादलपुर थाने के सामने वाले कट शामिल हैं।

सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने की तैयारी में परिवहन विभाग

एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि इन अवैध कटों को बंद करने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होगी। कट बंद होने से स्थानीय लोगों को वैध यू-टर्न और दूसरे रास्तों का प्रयोग करना पड़ेगा। विशेष तौर पर सेक्टर 18 जैसे व्यस्त इलाकों में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्तों की व्यवस्था भी बेहद आवश्यक है।