छठव्रतियों और श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को दिया अर्घ्य

सोमवार उदीयमान भगवान सूर्यदेव को दिया जाएगा अर्घ्य

छठव्रतियों और श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को दिया अर्घ्य

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा के सेक्टर 75 स्थित सेंट्रल पार्क में छठ घाट पर सैकड़ों छठव्रतियों और श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सायंकाल अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस पावन मौके पर छठव्रतियों ने पारंपरिक पकवान ठेकुआ, लड़ुआ, बताशा, अगरबत्ती, सिंदूर, पान, कसेली और विभिन्न प्रकार के मौसमी फलों को बांस के सूप में सजाकर अपने हाथों में उठाया गया। लोगों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना भी की।

श्री सूर्यदेव पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह छठव्रतियों द्वारा उदीयमान भगवान सूर्यदेव को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद छठव्रती विधि-विधान से पारण करेंगे। सूर्योपासना के चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो जाएगा। भगवान सूर्यदेव की उपासना का महान छठ महापर्व साल मे दो बार चैत्र और कार्तिक मास में अत्यंत श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया जाता है। छठ महापर्व में व्रती नदी, तालाब और कृत्रिम जलाशयों में प्रवेश कर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस मौके पर श्री सूर्यदेव पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा, संयोजक ओपी तिवारी, महासचिव राजीव त्यागी, कोषाध्यक्ष प्रभात कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, सहसंयोजक राकेश श्रीवास्तव, ब्रजेश शर्मा, हीरालाल यादव, मनीष यादव, डॉ. भारतेंदु कुमार और मल्लिकेश्वर झा समेत कई लोग मौजूद रहे।