नोएडा में कांग्रेस की बढ़ रही सक्रियता, आरडब्ल्यूए और सामाजिक प्रतिनिधियों की एंट्री

डॉ. महेश शर्मा के भी कई करीबी मांग रहे कांग्रेस से टिकट

नोएडा में कांग्रेस की बढ़ रही सक्रियता, आरडब्ल्यूए और सामाजिक प्रतिनिधियों की एंट्री

तेजस न्यूज संवाददाता

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों से पहले नोएडा विधान सभा सीट पर कांग्रेस की सक्रियता एक बार फिर काफी ज्यादा बढ़ गई है। नोएडा विधान सभा सीट पर इस बार कांग्रेस से कई दावेदार अपनी ताल ठोकने के दावे कर रहे हैं। हालांकि, उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनावों में इस बार कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने जा रही है। गठबंधन को लेकर अब तक कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साथ कोई बैठक नहीं हुई है। सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि नोएडा विधान सभा सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती है।

कांग्रेस सूत्रों को अगर सही माना जाए तो इस बार के विधान सभा चुनावों में अपनी तैयारी को लेकर कई कार्यकर्ता काफी ज्यादा आशान्वित है। कई दावेदार गठबंधन में नोएडा विधान सभा सीट को काफी ज्यादा सुरक्षित सीट मान रहे हैं। कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों से उद्यमियों के अलावा कई सामाजिक प्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए के नेताओं की भी एंट्री हो चुकी है।

कई सांसद डॉ. महेश शर्मा के माने जाते थे करीबी

कांग्रेस से कई टिकट के दावेदार भाजपा के स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा के बेहद करीबी माने जाते थे। इन नेताओं ने कई बार सामाजिक कार्यक्रमों में सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित भी किया है। बल्कि, सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह के सहयोग से स्थानीय राजनीति का संचालन भी कर चुके हैं।

कई दावेदारों के पास डॉ. महेश शर्मा का है आशीर्वाद भी प्राप्त

नोएडा विधान सभा सीट से गठबंधन के सहारे अपनी नैया पार लगाने के बारे में सोच रहे कई दावेदारों पर सांसद डॉ. महेश शर्मा का परोक्ष तौर पर आशीर्वाद भी प्राप्त है। सांसद डॉ. महेश शर्मा की विपक्षी खेमे में एंट्री इस बात का संकेत है कि नोएडा विधान सभा सीट पर भाजपा अपने मोहरे पूरी तरह से बिठाना चाहती है।

पीआर कंपनी के मालिक को दिल्ली से मिला आश्वासन

पब्लिक रिलेशंस कंपनी चलाने वाले एक उद्यमी इस समय कांग्रेस के दावेदारों की सूची में सबसे आगे चल रहे हैं। सूत्रों से जानकारी प्राप्त हो रही है कि दिल्ली स्थित कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय से नोएडा विधान सभा सीट को लेकर कुछ दावेदारों को बाकायदा आश्वासन भी दिया गया है। यदि गठबंधन में नोएडा विधान सभा सीट कांग्रेस के खाते में आती है तो उन्हें ही प्रत्याशी बनाया जाएगा। इसके बदले राष्ट्रीय कार्यालय की तरफ से एक शर्त भी रखी गई है।

कांग्रेस के प्रचार-प्रसार का जिम्मा होंगा पीआर एजेंसी के पास

कांग्रेस के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी पीआर एजेंसी को दी जाएगी। जिसमें वह अपने निजी संसाधनों और धन का उपयोग करेंगे। इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनावों में कांग्रेस की बहुमत के साथ सरकार बन सके। भले ही स्थानीय स्तर और राष्ट्रीय कार्यालय के कुछ कमरों में टिकट के दावे अवश्य किए गए हैं। लेकिन, पार्टी का शीर्ष नेतृत्व किसे दावेदार बनाएगा। यह अभी कहना काफी ज्यादा जल्दबाजी होगा।