श्री रामलीला समिति राजनगर की ओर से इस वर्ष होगा श्री रामलीला महोत्सव का भव्य आयोजन
गाजियाबाद में श्री रामलीला समिति राजनगर की ओर से इस वर्ष श्री रामलीला महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ 5 अक्टूबर को विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के पूजन और भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। इसी दिन से रामलीला मेले का भी शुभारंभ कर दिया जाएगा।
तेजस न्यूज संवाददाता
विघ्नहर्ता श्री गणेश के पूजन और शोभायात्रा से होगा श्री रामलीला महोत्सव का शुभारंभ
5 अक्टूबर से शुरू होगा रामलीला मेला, 9 अक्टूबर से भगवान श्रीराम की लीला का मंचन; 21 अक्टूबर को राज्याभिषेक के बाद पहली बार होगा लेजर शो....
गाजियाबाद। श्री रामलीला समिति राजनगर की ओर से इस वर्ष श्री रामलीला महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ 5 अक्टूबर को विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के पूजन और भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। इसी दिन से रामलीला मेले का भी शुभारंभ कर दिया जाएगा। समिति ने रामलीला मंचन के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

समिति के मुख्य संरक्षक जितेन्द्र यादव और अध्यक्ष जयकुमार गुप्ता ने बताया कि 5 अक्टूबर को श्री गणेश पूजन एवं शोभायात्रा के बाद मेले की शुरुआत होगी। इसके बाद 6 अक्टूबर को डांडिया नाइट, 7 अक्टूबर को माता की चौकी और 8 अक्टूबर को ‘श्री कृष्ण-सुदामा’ नाटक का मंचन किया जाएगा। वहीं 9 अक्टूबर से ‘नारद मोह’ के मंचन के साथ भगवान श्रीराम की लीला का विधिवत शुभारंभ होगा। 10 अक्टूबर को श्रीराम जन्म की लीला का मंचन किया जाएगा।
13 अक्टूबर को निकलेगी भव्य श्रीराम बारात
रामलीला महोत्सव के दौरान 13 अक्टूबर को भव्य श्रीराम बारात निकाली जाएगी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि राम बारात जब सेक्टर-10 चौराहे पर पहुंचेगी तो वहां स्थित जानकी भवन में राजा जनक के रूप में मुकेश मित्तल बारातियों का स्वागत करेंगे। इस दौरान जयमाला कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान श्रीराम सदियों से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में आदर्श जीवन के प्रतीक रहे हैं। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों से परिचित कराने का प्रयास किया जाता है। वहीं श्रद्धालु भी भगवान की लीलाओं का दर्शन कर भक्ति और आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करते हैं।
हाईटेक तकनीक से होगा रामलीला का मंचन
समिति के महामंत्री सीए दीपक मित्तल ने बताया कि रामलीला मंचन और मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी रामलीला का मंचन आधुनिक और हाईटेक तकनीक के माध्यम से किया जाएगा, जिससे दर्शकों को भव्य एवं आकर्षक प्रस्तुति देखने को मिलेगी।
उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को राम-हनुमान मिलन के मंचन के बाद पहली बार ‘रश्मिरथी’ के माध्यम से रामचरितम नृत्यरूपक की विशेष प्रस्तुति होगी। इसके बाद लंका दहन का मंचन किया जाएगा। वहीं 21 अक्टूबर को मेले के समापन अवसर पर राज्याभिषेक के बाद पहली बार विशेष लेजर शो का आयोजन किया जाएगा।
मेले में बच्चों के लिए झूले और आकर्षक स्टॉल
समिति के संयोजक मंडल के सदस्य विनीत शर्मा, मेला प्रबंधक मुकेश शर्मा एवं श्रीचंद चौहान ने बताया कि रामलीला मेले में दर्शकों और परिवारों के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा खान-पान के बेहतर गुणवत्ता वाले स्टॉल भी तैयार किए गए हैं।आयोजकों के अनुसार रामलीला महोत्सव के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मेले की गतिविधियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान नगर निगम के उपाध्यक्ष एवं पार्षद प्रवीण चौधरी, मुख्य संयोजक राकेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष आरके शर्मा, संस्थापक सदस्य नरेश सिंगल, संगठन मंत्री अमरीश कुमार त्यागी, मुख्य सलाहकार अनिल कुमार, पूर्व महामंत्री आरएन पाण्डेय, उपाध्यक्ष महावीर बंसल, राधेश्याम सिंघल, सुभाष शर्मा, राजीव मोहन गुप्ता, बृजमोहन सिंघल, दिनेश शर्मा, सुंदर लाल यादव, जीपी अग्रवाल, केपी गुप्ता, मोतीलाल गर्ग, दीपक सिंघल, विनोद गोयल, मनीष वशिष्ठ, विधि सलाहकार आकाश वशिष्ठ, अमरपाल तेवतिया, राजबीर त्यागी, अनीश यादव (ब्लॉक प्रमुख, बागपत), राजीव गुप्ता, प्रचार मंत्री सौरभ गर्ग, डॉ. आरके मित्तल, मदनलाल हरित, दीपक कांत गुप्ता, आलोक मित्तल, संजीव गुप्ता, जितेन्द्र रंधावा, ओमप्रकाश भोला, गोल्डी सहगल, विजय लुम्बा, सीए डीके गोयल, वीरेंद्र सारस्वत और पंकज भारद्वाज सहित राजनगर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।