26 नवंबर को सजेगा प्रतिभाओं का मंच, 5 हजार से ज्यादा लोग होंगे शामिल
नोएडा लोक मंच करेगा चित्रकला उत्सव का आयोजन
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 33 स्थित शिवालिक पार्क में नोएडा चित्रकला उत्सव-इंद्रधनुष सीजन-5 का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम नोएडा लोक मंच और नोएडा प्राधिकरण की तरफ से आगामी 26 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बच्चों की कला और कल्पनाओं को एक बड़ा मंच प्राप्त होगा। इस प्रतियोगिता में लगभग पांच हजार से ज्यादा बच्चे शामिल होंगे। इस बार बच्चों के अलावा शिक्षक और वरिष्ठ नागरिक भी अपनी चित्रकला प्रतियोगिता में प्रदर्शन करेंगे। आयोजन के बाद 500 से ज्यादा प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि इस बार इंद्रधनुष प्रतियोगिता को नौ समूहों में बांटा गया है। विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि के प्रतिभागियों को अपनी कला दिखाने का अवसर प्राप्त होगा। प्रतियोगिता में सरकारी स्कूलों, बस्ती के स्कूलों, पब्लिक स्कूलों, सेमी-पब्लिक स्कूलों, एनजीओ संचालित स्कूलों और निजी स्कूलों के विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रतियोगिता में शिक्षकों के लिए भी अलग श्रेणी रखी गई है। पहली बार प्रतियोगिता में वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष वर्ग को शामिल किया गया है। पिछले आयोजनों से मिले अनुभव और इस बार स्कूलों की तरफ से मिल रही प्रतिक्रियाओं को देखते हुए लगभग पांच हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह है कि आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के कारण किसी भी बच्चे की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्राप्त होने में दिक्कत नहीं हो सके।
500 से ज्यादा प्रतिभागियों को मिलेगा पुरस्कारःमहेश सक्सेना
नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगिता के बाद 500 से ज्यादा प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे। इसके अलावा विजेता बच्चों की चुनिंदा कलाकृतियों की विशेष आर्ट गैलरी तैयार की जाएगी। कला प्रेमी स्वैच्छिक अनुदान देकर इन कलाकृतियों को प्राप्त कर सकेंगे। इससे मिलने वाली अनुदान राशि का प्रयोग गरीब और जरूरतमंद लोगों की शिक्षा और चिकित्सा सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में प्रयोग किया जाएगा।