अखंड भारत संकल्प यात्रा में आचार्य दीपांकर का संदेश
खेकड़ा कस्बे में रविवार को आयोजित अखंड भारत संकल्प यात्रा की भगवा बाइक रैली में अंतरराष्ट्रीय ध्यान गुरु आचार्य स्वामी दीपांकर जी ने अपने प्रखर संबोधन से 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव का
अखंड भारत संकल्प यात्रा में आचार्य दीपांकर का संदेश
– "जाति में रहोगे तो बूंद, हिन्दू बनोगे तो समंदर कहलाओगे"
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे में रविवार को आयोजित अखंड भारत संकल्प यात्रा की भगवा बाइक रैली में अंतरराष्ट्रीय ध्यान गुरु आचार्य स्वामी दीपांकर जी ने अपने प्रखर संबोधन से 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव का भी बिगुल फूंक दिया। उन्होंने कहा कि “जाति में रहोगे तो बूंद मात्र रहोगे, लेकिन हिन्दू बनोगे तो समंदर कहलाओगे। आने वाले चुनावों में हिन्दू बनकर रहना।”
“अखंड भारत का संकल्प हर भारतीय का कर्तव्य”
रैली का शुभारंभ करने से पूर्व स्वामी दीपांकर ने “गर्व से कहो हम हिन्दू हैं” के नारे लगवाए और कहा कि “अखंड भारत का संकल्प केवल एक सपना नहीं, बल्कि हर भारतीय का कर्तव्य है। जब तक हम अपनी संस्कृति, धर्म और विरासत को नहीं पहचानेंगे, तब तक भारत का स्वर्णिम भविष्य संभव नहीं।”
“जाति नहीं, हिन्दुत्व की पहचान रखो”
आचार्य दीपांकर ने लोगों से जातिगत बंटवारे से ऊपर उठने की अपील की। बोले, “2027 में विधानसभा चुनाव आ रहे हैं। वोट के लिए बहुत से नेता आएंगे, लेकिन याद रखना है कि ब्राह्मण, बनिया, जाट, गुर्जर, यादव आदि में नहीं बंटना है। एकजुट होकर हिन्दू बनकर रहना है। क्योंकि जाति केवल एक बूंद है, जबकि हिन्दू सनातनी होना एक विशाल समंदर है। समंदर की विशाल लहरें बनो।”
नारे पर रुके, संदेश स्पष्ट किया
अपने संबोधन के दौरान जब वे “बंटोगे” नारे की ओर बढ़े तो ठहर गए। बोले, “यह नारा नहीं लगाऊंगा, क्योंकि इसका दूसरा अर्थ निकाल लिया जाता है।”
भगवामय मार्ग देखकर अभिभूत हुए
यात्रा के दौरान जब स्वामी दीपांकर खेकड़ा के जैन कॉलेज मार्ग पर पहुंचे और बड़ी संख्या में लहराते भगवा ध्वज देखे तो वे भावुक हो गए। बोले, “मन प्रसन्न हो गया। भगवा ध्वज लहराते रहो और अपनी महान प्राचीन संस्कृति को याद रखो।” उन्होंने लोगों से गीता और रामायण जैसे ग्रंथों की शिक्षा बच्चों को देने की अपील की, ताकि सनातन परंपरा मजबूत हो सके।

