तेजस न्यूज संवाददाता
जी ब्लॉक का पार्क नंबर-2 भी हाईमास्ट लाइट से जगमगाया, विधायक संजीव शर्मा ने किया लोकार्पण
गाजियाबाद।
प्रताप विहार। गाजियाबाद शहर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में भाजपा विधायक संजीव शर्मा के प्रयास लगातार जारी हैं। खासतौर पर लाइनपार क्षेत्र में सड़क, नाली-खड़ंजे, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड-51 के जी ब्लॉक स्थित पार्क नंबर-2 में मंगलवार शाम हाईमास्ट लाइट का लोकार्पण किया गया। विधायक संजीव शर्मा ने विधि-विधान के साथ हाईमास्ट लाइट का लोकार्पण किया।
जी ब्लॉक में इससे पहले पार्क नंबर-4 और पार्क नंबर-3 में हाईमास्ट लाइट लगाई जा चुकी हैं। अब पार्क नंबर-2 में भी हाईमास्ट लाइट लगने से पूरा क्षेत्र रात के समय रोशनी से जगमगाने लगा है। हाईमास्ट लाइट लगने से स्थानीय लोगों को अंधेरे से राहत मिलने के साथ ही पार्क और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल भी बेहतर होने की उम्मीद है।
लोकार्पण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने विधायक संजीव शर्मा का फूल-मालाओं एवं आत्मीय स्वागत के साथ अभिनंदन किया और क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम में मौजूद बुजुर्गों ने विधायक को आशीर्वाद देते हुए भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए इसी तरह कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।
दो साल में किए कई महत्वपूर्ण विकास कार्य
इस अवसर पर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता से जो वादे किए थे उन्हें पूरा करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें विधायक के रूप में अभी करीब दो वर्ष का कार्यकाल ही मिला है। लेकिन इस अवधि में ऐसे अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। जिन्हें सामान्य तौर पर पांच वर्ष के कार्यकाल में पूरा किया जाता है।
उन्होंने कहा कि लाइनपार क्षेत्र लंबे समय से विकास की अपेक्षा रखता रहा है और उनकी प्राथमिकता है कि क्षेत्र के लोगों को सड़क, नाली, खड़ंजे, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहतर रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का यह सिलसिला आगे भी लगातार जारी रहेगा।
प्रताप विहार-वसुंधरा को जोड़ने के लिए हिंडन पर जल्द बनेगा पुल
विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि बहुत जल्द प्रताप विहार और वसुंधरा को जोड़ने के लिए हिंडन नदी पर पुल निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य होने जा रहा है। पुल बनने के बाद दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा और लोगों को लंबा रास्ता तय करने से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कॉलोनियों में नाली, खड़ंजे और सड़क निर्माण के साथ-साथ प्रकाश व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उनका प्रयास है कि शहर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक इलाके में लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों और विकास कार्य धरातल पर दिखाई दें।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा ने भी विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वास्तव में विधायक जी द्वारा जो कार्य कराए जा रहे हैं उनके लिए वह बधाई के पात्र है और संजीव शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत और अच्छे व्यवहार के चलते लोगों के दिल में भी जगह बनाने का कार्य किया है।
इस अवसर पर वार्ड-55 के पार्षद संतोष सिंह राणा, सेक्टर-11 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के संयोजक ठा राकेश सिंह चौहान, संरक्षक सलेक चंद शर्मा, संरक्षक सुंदरलाल भाटी, अध्यक्ष एवं पत्रकार तेजस चौहान, कोषाध्यक्ष एलबी सिंह, सक्रिय सदस्य उदयवीर सिंह, अनिल सिंह एवं दीपांशु यादव, वरिष्ठ पत्रकार विष्णु शर्मा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जी ब्लॉक के पार्कों में हाईमास्ट लाइट लगने से रात के समय क्षेत्र में रोशनी की बेहतर व्यवस्था हुई है। लोगों ने विधायक से इसी तरह क्षेत्र की अन्य समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई।