सौहरखा गांव में बीकेएस ने की पंचायत

जल और सीवर कनेक्शन समेत कई मुद्दों को लेकर हुई पंचायत

सौहरखा गांव में बीकेएस ने की पंचायत

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा के सौहरखा गांव मे जल और सीवर कनेक्शन समेत कई मुद्दों को लेकर भारतीय किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक पंचायत का आयोजन किया। यह पंचायत भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र यादव के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस पंचायत के दौरान भारतीय किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। वहीं, पंचायत के दौरान किसानों ने नोएडा प्राधिकरण से स्थायी जल और सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर का आयोजन कराने की भी मांग की।

भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने बताया कि स्पोर्ट्स सिटी में आ रही किसानों की पुश्तैनी कृषि भूमि को प्राधिकरण और बिल्डर को जबरन कब्जाने नहीं दिया जाएगा। भारतीय किसान संगठन पूरी मजबूती से किसानों के साथ खड़ा है। सालों से प्राधिकरण में किसानों की मूल पुश्तैनी आबादियों के आवेदन लंबित पड़े हुए हैं। प्राधिकरण उन पर जल्द से जल्द सुनवाई करें। नोएडा प्राधिकरण ग्रामीण क्षेत्रों के साथ लगातार सौतेला व्यवहार कर रहा है। इन मूलभूक समस्याओं का निस्तारण जल्द से जल्द नहीं किया गया तो भारतीय किसान संगठन ग्रामीणों के साथ मिलकर प्राधिकरण कार्यालय का घेराव करेगा। इस मौके पर श्याम सिंह यादव, अलबेल यादव, सुंदर यादव, सीताराम यादव, एडवोकेट लोकेश शर्मा, अजय यादव, कमल यादव, रामसुख यादव, अमरपाल यादव, बबलू शर्मा और मूलचंद समेत कई लोग मौजूद रहे।