यातायात पुलिस ने 4860 वाहनों के काटे चालान और 9 सीज
सेक्टर 88 में यातायात पुलिस ने किया नकली हेलमेट और नियमों को लेकर जागरूक
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा में यातायात पुलिस की तरफ से रोजाना विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान यातायात पुलिस की तरफ से 4860 वाहनों के चालान काटे गए। जबकि, 9 वाहनों को सीज किया गया। अभियान के दौरान मैनुअल चालान 1612 और ऑन लाइन के माध्यम से 3248 वाहनों के चालान काटे गए। बिना हेलमेट के 1719 वाहनों के ऑन लाइन चालान काटे गए। वहीं, नोएडा के सेक्टर 88 में यातायात पुलिस की तरफ से नकली हेलमेट और यातायात संकेतों के अलावा नियमों के लेकर भी जागरूक किया गया।

एडीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह ने बताया कि सड़कों पर सबसे ज्यादा मनमानी बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों और गलत दिशा में वाहन दौड़ाने वालों ने की है। कई वाहन चालक चालान जमा करने के बदले राष्ट्रीय लोक अदालत का इंतजार करते हैं। जिससे उन्हें जुर्माना कम देना पड़ सके। लेकिन, अब यातायात पुलिस ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। जिन वाहन चालकों के नाम पर बार-बार चालान हो रहे हैं। उनके नाम और रिकॉर्ड अब परिवहन विभाग के पास भेजे जा रहे हैं। जिससे उनके ड्राइविंग लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किए जा सके। अभियान के दौरान नो पार्किंग में 408, फॉल्टी नंबर प्लेट में 298, विपरीत दिशा में 316, इंश्योरेंस में 354 और ओवर स्पीड में 397 वाहनों के चालान काटे गए।