14 वर्षीय बेटियों को लगेगा एचपीवी टीका, 19 जून को विशेष टीकाकरण शिविर
बागपत में किशोरियों को गर्भाशय कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी अपील में अभिभावकों से अपनी 14 वर्षीय बेटियों को नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं उप-केंद्र पर ले जाकर एचपीवी का टीका लगवाने का आग्रह किया गया है।
14 वर्षीय बेटियों को लगेगा एचपीवी टीका, 19 जून को विशेष टीकाकरण शिविर
- गर्भाशय कैंसर से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया अभियान
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
बागपत में किशोरियों को गर्भाशय कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी अपील में अभिभावकों से अपनी 14 वर्षीय बेटियों को नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं उप-केंद्र पर ले जाकर एचपीवी का टीका लगवाने का आग्रह किया गया है।
सीएचसी खेकड़ा के अधीक्षक डा. ताहिर ने बताया कि 19 जून 2026, शुक्रवार को विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर किशोरियों को निशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। बताया कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित है और यह गर्भाशय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में प्रभावी माना जाता है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक किशोरियों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करना और समय रहते सुरक्षा प्रदान करना है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखें।