पोलियो दिवस आज, जागरूकता रैली निकालकर अभिभावकों को किया जागरूक
राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के तहत रविवार 28 जून को जिलेभर में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इससे पहले शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाते हुए रैली निकाली गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, आशा कार्यकत्रियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पोलियो दिवस आज, जागरूकता रैली निकालकर अभिभावकों को किया जागरूक
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के तहत रविवार 28 जून को जिलेभर में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इससे पहले शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाते हुए रैली निकाली गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, आशा कार्यकत्रियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली को डा. तीरथ लाल (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) और अनिल कुमार (सीडीओ) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रैली सीएचसी बागपत से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां प्रतिभागियों ने पोलियो उन्मूलन से जुड़े नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. सुरूचि ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस पर 5 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को, उनके पूर्व टीकाकरण की स्थिति चाहे जो भी हो, ओरल पोलियो वैक्सीन (ओपीवी) की खुराक अवश्य दिलाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण के बावजूद पोलियो की यह अतिरिक्त दो बूंदें बच्चों को स्थायी पक्षाघात जैसी गंभीर बीमारी से बचाने और सामुदायिक प्रतिरक्षा मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), आंगनबाड़ी केंद्र अथवा निर्धारित पोलियो बूथ पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। रैली में सीएचसी अधीक्षक विभाष राजपूत सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकत्रियां और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया कि “हर बच्चे को पोलियो की दो बूंद, स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव।”