गवाही देने पर युवक को अपहरण और हत्या की धमकी, परिवार दहशत में
बसी गांव निवासी एक युवक को अदालत में चल रहे मुकदमे में गवाही देने और पैरवी जारी रखने पर अपहरण कर हत्या करने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने खेकड़ा कोतवाली में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गवाही देने पर युवक को अपहरण और हत्या की धमकी, परिवार दहशत में
- कोर्ट में पैरवी छोड़ने के लिए व्हाट्सएप कॉल और वॉयस मैसेज से दी गई जान से मारने की चेतावनी
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र के बसी गांव निवासी एक युवक को अदालत में चल रहे मुकदमे में गवाही देने और पैरवी जारी रखने पर अपहरण कर हत्या करने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने खेकड़ा कोतवाली में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला वर्ष 2022 में हुई एक बड़ी धोखाधड़ी से जुड़ा है। पीड़ित संदीप शर्मा का आरोप है कि चार लोगों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए उनसे करीब आठ लाख रुपये की ठगी की थी। इस मामले में खेकड़ा थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था और पुलिस आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है। बयान दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई चल रही है। पीड़ित ने बताया कि मुकदमे की पैरवी के दौरान 3 नवंबर 2022 को न्यायालय से लौटते समय आरोपी के भाई ने दो अज्ञात साथियों के साथ उन पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में भी खेकड़ा थाने में मुकदमा दर्ज है, जबकि मुख्य आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर है। संदीप शर्मा के अनुसार 15 अप्रैल 2025 को जब वह अदालत में गवाही देने पहुंचे, तब कोर्ट परिसर के बाहर आरोपियों ने गाड़ी रोककर उनके साथ गाली-गलौज की और खुलेआम धमकी दी। आरोपियों ने कहा कि “तेरे आठ लाख रुपये खर्च करके तेरी हत्या करवा देंगे, लेकिन न तो पैसा वापस मिलेगा और न ही मुकदमे में गवाही करने देंगे।”
व्हाट्सएप कॉल और वॉयस मैसेज से मिली नई धमकी
पीड़ित का कहना है कि 9 जून की रात अज्ञात नंबरों से व्हाट्सएप कॉल कर मुकदमे की पैरवी बंद करने का दबाव बनाया गया। इसके अगले दिन 10 जून 2026 की रात आरोपी के दामाद ने मोबाइल पर वॉयस मैसेज भेजकर अश्लील गालियां दीं और गांव से अगवा कर हत्या करने की सीधी धमकी दी। मैसेज में कहा गया कि यदि मुकदमे की पैरवी नहीं छोड़ी तो “लाश का भी पता नहीं चलने दिया जाएगा।”
दहशत में पूरा परिवार, पुलिस से सुरक्षा की गुहार
लगातार मिल रही धमकियों के बाद पीड़ित और उसका परिवार गहरे भय में है। संदीप शर्मा ने बताया कि हाल ही में बड़ौत क्षेत्र में हुई आपराधिक घटना के बाद उनका परिवार और अधिक सहमा हुआ है। हालात ऐसे हैं कि परिवार के लोग घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा और नामजद आरोपियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।