संगठन में पुराने चेहरों की एक बार फिर हो सकती है वापसी

नवाब सिंह नागर और अशोक प्रधान समेत कई नाम शामिल

संगठन में पुराने चेहरों की एक बार फिर हो सकती है वापसी

विनय जोशी नोएडा 

उत्तर प्रदेश के आगामी विधान सभा चुनावों से पहले भाजपा अपने संगठन की नींव को मजबूत करने में जुटी हुई है। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अशोक प्रधान और नवाब सिंह नागर की एक बार फिर संगठन में वापसी हो सकती है। गौरतलब है कि नोएडा विधान सभा सीट में भाजपा के संगठन को मजबूत बनाने और सत्ता में पकड बनाने में दोनों की भूमिका काफी ज्यादा अहम रही थी। हालांकि, समय के साथ संगठन में कई बड़े बदलाव और नए नेतृत्व सामने आए। ऐसे में पुराने और भरोसेमंद चेहरों ने संगठन से दूरी बना ली थी।
गौतमबुद्ध नगर में भाजपा के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि सक्रिय हैं। इसमें सांसद डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह शामिल हैं। इसके अलावा विधान परिषद में श्रीचंद शर्मा और नरेंद्र भाटी समेत कई नेता संगठनात्मक ढांचे का हिस्सा हैं। पार्टी सूत्रों को अगर सही माना जाए तो संगठन अब पुराने और भरोसेमंद कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारी देने पर विचार कर रही है। 
नवाब सिंह नागर बन सकते हैं क्षेत्रीय अध्यक्ष
भाजपा जल्द ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कमान नवाब सिंह नागर को सौंप सकती है। हालांकि, अभी तक भाजपा की तरफ से औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन, भाजपा सूत्र बताते हैं कि भाजपा के कुछ नेताओं की तरफ से लगातार उन्हें बधाई देने का क्रम भी शुरू हो गया है। पार्टी संगठन में यह विचार किया जा रहा है कि जमीनी स्तर पर लंबे समय तक सक्रिय रहे नेताओं को दोबारा से मजबूत भूमिका दी जाए। जिससे भाजपा के संगठन को मजबूती प्राप्त हो सके।