मानदेय विसंगति और नियमितीकरण को लेकर आठ अक्टूबर से लखनऊ में होगा आयुष डॉक्टरों का अनिश्चितकालीन धरना
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश के अंतर्गत कार्यरत आयुष चिकित्सकों ने अपनी वर्षों से लंबित मानदेय विसंगति को दूर करने और सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मांगों का समाधान न होने से नाराज प्रदेशभर के आयुष डॉक्टर 8 अक्टूबर (गुरुवार) से लखनऊ स्थित ईको गार्डन पार्क में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसमें बागपत जनपद के समस्त आयुष चिकित्सक भी हिस्सा लेंगे।
मानदेय विसंगति और नियमितीकरण को लेकर आठ अक्टूबर से लखनऊ में होगा आयुष डॉक्टरों का अनिश्चितकालीन धरना
- बागपत के डॉक्टर भी होंगे शामिल
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश के अंतर्गत कार्यरत आयुष चिकित्सकों ने अपनी वर्षों से लंबित मानदेय विसंगति को दूर करने और सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मांगों का समाधान न होने से नाराज प्रदेशभर के आयुष डॉक्टर 8 अक्टूबर (गुरुवार) से लखनऊ स्थित ईको गार्डन पार्क में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसमें बागपत जनपद के समस्त आयुष चिकित्सक भी हिस्सा लेंगे।
आयुष डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन उ.प्र. की ओर से जारी पत्र के अनुसार, डॉक्टरों का एक प्रतिनिधिमंडल गत 21 सितंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से मिला था और अपनी मांगों के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा था। हालांकि, समय बीत जाने के बाद भी समस्याओं का कोई अपेक्षित समाधान नहीं निकल सका, जिसके बाद प्रदेश कार्यसमिति ने संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
जिलाधिकारी व सीएमओ को दी पूर्व सूचना
एसोसिएशन की ओर से बागपत के जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की पूर्व सूचना दे दी गई है। साथ ही डॉक्टरों ने नियमानुसार आवश्यक अनुमति और प्रशासनिक सहयोग की मांग की है। आयुष चिकित्सकों ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन पूरी तरह से लोकतांत्रिक, संवैधानिक और शांतिपूर्ण रहेगा। प्रदर्शन के दौरान आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए जनहित और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का यथासंभव ध्यान रखा जाएगा। डॉक्टरों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि उनकी मानदेय विसंगति और नियमितीकरण के प्रकरण पर न्यायोचित निर्णय लेते हुए जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए। ज्ञापन देने वालों में आयुष डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डा. रामकुमार शर्मा, डा. संजय ढाका, डा. राजीव गोला, डा. आशु बंसल, डा. श्रवण गोस्वामी, डा. मनीश त्यागी आदि शामिल रहे।