घर में घुसकर युवक और उसकी मां पर हमला, चाकू से वार की कोशिश से मचा हड़कंप
क्षेत्र के रटौल कस्बे में घर में घुसकर युवक और उसकी मां के साथ मारपीट, अभद्रता और चाकू से हमला करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घर में घुसकर युवक और उसकी मां पर हमला, चाकू से वार की कोशिश से मचा हड़कंप
- पीड़ित बोला – जान बचाने को कमरे में बंद होना पड़ा, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र के रटौल कस्बे में घर में घुसकर युवक और उसकी मां के साथ मारपीट, अभद्रता और चाकू से हमला करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित सुंदर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार शाम करीब चार बजे वह अपनी मां के साथ घर पर मौजूद था। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति अपनी मां के साथ अचानक घर में घुस आया और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने लात-घूंसों से हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू निकाल लिया और जान से मारने की नीयत से हमला करने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से घबराए पीड़ित ने किसी तरह खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने पीड़ित की मां पुष्पा के साथ भी अभद्रता की और मारपीट कर दी। घटना में सुंदर की आंख पर गंभीर चोट आई, जबकि उसकी मां के चेहरे और सिर पर भी चोटें आई हैं। पीड़ित ने बताया कि आरोपी पहले भी उसकी मां के साथ अभद्र व्यवहार कर चुका है और लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है। अब इस हमले के बाद परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। पीड़ित ने थाना पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।