जनशिकायतों के निस्तारण में गौतमबुद्ध नगर पुलिस प्रदेश में अव्वल
गौतमबुद्ध नगर के 27 थाने भी प्रथम पायदान पर रहे हैं
आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण में गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जून 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसमें गौतमबुद्ध नगर के 27 थाने भी प्रथम पायदान पर रहे हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने आइजीआरएस टीम प्रभारी, सभी थाने के प्रभारी और आपरेटर को सम्मानित करने की घोषणा की है। गौरतलब है कि आइजीआरएस पोर्टल पर लोग ऑन लाइन शिकायत दर्ज कराते हैं। शिकायतों की प्रकृति के आधार पर समयसीमा में निस्तारण होता है।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा माह के प्रत्येक शुक्रवार को की जाती है। लगातार की जा रही इस निगरानी और प्रभावी पर्यवेक्षण के चलते गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट की तरफ से लगातार शानदार प्रदर्शन किया जा रहा है। आईजीआरएस पोर्टल उत्तर प्रदेश सरकार की एक ऑन लाइन शिकायत निवारण प्रणाली है। जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे दर्ज करवा सकते हैं।
फीडबैक मामले में भी गौतमबुद्ध नगर अव्वल
शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित कर फीडबैक लेने के मामले में भी कमिश्नरेट ने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ताओं से संवाद और जांच के निर्देशों का प्रभावी तरीके से पालन कराने में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।