वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए अहम योगदान करें आरडब्ल्यूए और एओएःकेके जैन
फोनरवा ने की शहर की सभी आरडब्ल्यूए और एओए से प्रदूषण नियंत्रण की मांग
तेजस न्यूज संवाददाता
शहर में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण के चलते फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने सभी आरडब्ल्यूए और अपार्टमेंट की एओए से अपील की है। फोनरवा ने शहर की सभी आरडब्ल्यूए और अपार्टमेंट की एओए से मांग की है कि वायु प्रदूषण की रोकथान के लिए एक जागरूकता अभियान चलाया जाए। इस जागरूकता अभियान के दौरान सेक्टर और अपार्टमेंट के निवासियों को वायु प्रदूषण के प्रति जागरूक करें। इस दौरान कई आवश्यक सावधानियों को अपनाने के लिए भी जागरूक करें। जिससे शहर में वायु प्रदूषण को काफी हद तक रोका जा सके।

फोनरवा के महासचिव केके जैन ने बताया कि शहर की सभी आरडब्ल्यूए और अपार्टमेंट की एओए से मांग की है कि अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का उपयोग नहीं करें। छोटी दूरी के लिए पैदल चलें और साइकिल का ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करें। ट्रैफिक सिग्नल पर ज्यादा समय तक रुकने की स्थिति में वाहनों के इंजन को बंद रख दें। कूड़ा, सूखी पत्तियां और अन्य सामग्री खुले में बिल्कुल नहीं जलाएं। निर्माण और मरम्मत कार्यों के दौरान उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव करें। सड़कों, पार्कों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें। पानी और बिजली का अनावश्यक प्रयोग नहीं करें। ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं और मौजूदा हरियाली का संरक्षण करें। वायु प्रदूषण नियंत्रण केवल सरकार और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। बल्कि, हम सभी के सामूहिक प्रयास से वायु प्रदूषण को रोका जा सकता है।